Showing posts with label पलामू. Show all posts
Showing posts with label पलामू. Show all posts

पलामू में 43 शिक्षक सम्मानित, डीसी ने लॉन्च किया ‘पलामू पाठशाला’ यूट्यूब चैनल

No comments

05 September 2026

मेदिनीनगर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को मेदिनीनगर स्थित टाउन हॉल में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस दौरान विभिन्न विषयों और क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के 43 शिक्षकों को सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त दिलीप प्रताप सिह शेखावत, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता समेत अन्य पदाधिकारियों द्वारा भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई. इसके बाद दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया.

डीसी ने लॉन्च किया ‘पलामू पाठशाला’

समारोह के दौरान उपायुक्त ने माउस पर क्लिक कर ‘पलामू पाठशाला’ यूट्यूब चैनल का शुभारंभ किया. इस पहल का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री पहुंचाना है.

चैनल पर विभिन्न विषयों के शिक्षक अपने लेक्चर रिकॉर्ड कर अपलोड करेंगे. इससे विद्यार्थियों को विषयवार अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सकेगी. खासकर उन क्षेत्रों के छात्रों को इसका लाभ मिलेगा, जहां विषयवार शिक्षकों की कमी है.

शिक्षक बच्चों के भविष्य के निर्माता

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाले व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि वे बच्चों के व्यक्तित्व, सोच और भविष्य का निर्माण करते हैं. उन्होंने अपने जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षकों को याद करते हुए उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया.

उन्होंने कहा कि किसी भी जिले की असली ताकत वहां का मानव संसाधन होता है. पलामू में मानव संसाधन के विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि सड़क, भवन और आधारभूत संरचनाओं के साथ-साथ हर बच्चे को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना विकास का वास्तविक उद्देश्य होना चाहिए.

उपायुक्त ने कहा कि यदि कोई सड़क या भवन टूट जाए तो उसे दोबारा बनाया जा सकता है, लेकिन किसी बच्चे का भविष्य खराब हो जाए तो उसकी भरपाई संभव नहीं है. इसलिए बच्चों के भविष्य को सही दिशा देने की जिम्मेदारी शिक्षकों के कंधों पर है.

तकनीक से शिक्षा की पहुंच बढ़ाने पर जोर 

उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक शिक्षा का प्रभावी माध्यम बन चुकी है. ‘पलामू पाठशाला’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने जिले के अच्छे शिक्षकों से अपने विषय के लेक्चर रिकॉर्ड कर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि उनके ज्ञान का लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंच सके.

कार्यक्रम के दौरान बेहतर कार्य करने वाले कुल 43 शिक्षकों को सम्मानित किया गया. सम्मानित शिक्षकों ने जिला प्रशासन की इस पहल के लिए आभार जताया.

समारोह में उप विकास आयुक्त सादात अनवर, सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षक संघ के प्रतिनिधि समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे.

हुसैनाबाद में ओम प्रकाश सिंह हत्याकांड: पांच संदिग्ध हिरासत में, 10 आरोपियों पर नामजद FIR

No comments

04 September 2026

पलामू। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पुरंदर बीघा में हुए ओम प्रकाश सिंह हत्याकांड की जांच में पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है. सभी से पूछताछ की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का भी गठन किया है.

बता दें कि दो सितंबर को पुरंदर बीघा में अपराधियों ने ओम प्रकाश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी. बताया गया कि ओम प्रकाश सिंह अपनी गाड़ी में बैठकर किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उन पर गोली चला दी. गोली लगने के बाद ओम प्रकाश सिंह गाड़ी से उतरकर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन अपराधियों ने उन्हें दोबारा गोली मार दी.

घटना के बाद मृतक के पिता ने हुसैनाबाद थाना में आवेदन देकर 10 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. आवेदन में मनीष यादव, प्रताप सिंह उर्फ भिंडी, छोटू पाठक, निखिल सिंह, नीतीश तिवारी, रवि सिंह और पीयूष पाठक समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया है.

मृतक के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है. उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि उनके परिवार को भी निशाना बनाया जा सकता है.

पुलिस कर रही छापेमारी

हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले में करीब पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

पुलिस ने हत्याकांड की जांच के लिए SIT का गठन किया है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

हैदरनगर में शहीद आरक्षी संतन कुमार मेहता की प्रतिमा का अनावरण, एसपी ने दी श्रद्धांजलि

No comments

रिर्पोट - लक्ष्मी सिंह

पलामू। हैदरनगर प्रखंड के बरेवा गांव में शहीद आरक्षी संतन कुमार मेहता की प्रतिमा का अनावरण किया गया. पलामू एसपी कपिल चौधरी ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर पुलिस अधिकारियों और शहीद के परिजनों ने भी उन्हें नमन किया.

बरेवा गांव में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में शहीद की माता धनकुलिया कुंवर, पलामू एसपी कपिल चौधरी और हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की. इसके बाद शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई. पुलिस अधिकारियों ने शहीद के परिजनों को शॉल प्रदान कर सम्मानित भी किया.

शहीद का बलिदान जवानों के लिए प्रेरणास्रोत: एसपी

मौके पर एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि शहीद संतन कुमार मेहता ने अपनी मिट्टी की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया. उनका बलिदान हमेशा अमर रहेगा. उन्होंने कहा कि शहीद जवान का बलिदान पुलिस के जवानों और पदाधिकारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है.

एसपी ने शहीद के परिवार को भरोसा दिलाया कि पुलिस विभाग हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा और परिवार को हर संभव सहयोग दिया जाएगा.

श्रद्धांजलि समारोह में शहीद के परिजनों के अलावा पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. सभी ने शहीद संतन कुमार मेहता के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

पलामू में छात्राओं ने सुनाई बदहाल सड़क की समस्या, उपायुक्त ने लिया तत्काल संज्ञान

No comments

02 September 2026


पलामू। जन समाधान दिवस में पाटन प्रखंड के किसैनी गांव से पहुंची कक्षा 10 की छात्राओं ने स्कूल जाने वाली बदहाल सड़क की समस्या उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के समक्ष रखी. छात्राओं ने बताया कि बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे उन्हें स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है.

छात्राओं ने बताया कि वे प्रतिदिन साइकिल से विद्यालय जाती हैं. सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है. कई बार छात्राएं चोटिल भी हो चुकी हैं. सुरक्षा को लेकर अभिभावक भी उन्हें स्कूल भेजने में हिचक रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है.

बोर्ड परीक्षा को लेकर छात्राओं ने जताई चिंता

कक्षा 10 की छात्राओं ने उपायुक्त को बताया कि वे बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही हैं. सड़क की समस्या के कारण विद्यालय पहुंचने में परेशानी होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जिसका असर परीक्षा परिणाम पर भी पड़ सकता है.

उपायुक्त ने अधिकारियों को दिया तत्काल निर्देश

छात्राओं की समस्या सुनने के बाद उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया. उन्होंने कहा कि सड़क का स्थायी निर्माण एक लंबी प्रक्रिया है और इसे तुरंत पूरा करना संभव नहीं है. हालांकि, फिलहाल सड़क को आवागमन योग्य बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा सकती है.

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल सड़क पर डस्ट एवं अन्य आवश्यक सामग्री डालकर उसे चलने योग्य बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए.

प्रशासन के इस निर्देश के बाद छात्राओं को उम्मीद है कि जल्द ही स्कूल जाने वाली सड़क की समस्या से उन्हें राहत मिलेगी.

पलामू में ‘शिशु शक्ति’ योजना की शुरुआत, SAM बच्चों को मिलेगा अतिरिक्त पोषण आहार

No comments

01 September 2026


पलामू/मेदिनीनगर। जिले में गंभीर रूप से कुपोषित यानी SAM बच्चों की पोषण स्थिति में सुधार लाने के उद्देश्य से मंगलवार को ‘शिशु शक्ति’ Augmented Take Home Ration (A-THR) योजना की शुरुआत की गई. मेदिनीनगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्मृति भवन (टाउन हॉल) में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत समेत अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.

कार्यक्रम के बाद चिन्हित लाभुक बच्चों के बीच A-THR का वितरण किया गया. उपायुक्त ने समाज कल्याण विभाग की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर पोषण संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने कई बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया.

बच्चों की थाली में पौष्टिक आहार शामिल करने पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि ‘शिशु शक्ति’ पहल के माध्यम से चिन्हित SAM बच्चों को उनकी विशेष पोषण आवश्यकताओं के अनुसार अतिरिक्त पोषण सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसान धान के साथ फल और सब्जियों का भी उत्पादन करते हैं. इन पौष्टिक खाद्य पदार्थों का उपयोग केवल बिक्री तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इन्हें बच्चों की थाली तक भी पहुंचाना जरूरी है.

उपायुक्त ने बच्चों के बेहतर शारीरिक और मानसिक विकास के लिए संतुलित आहार पर जोर देते हुए कहा कि भोजन केवल कार्बोहाइड्रेट आधारित नहीं होना चाहिए. बच्चों के आहार में हरी सब्जियां, दाल, अंडा और अन्य प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थ शामिल किए जाने चाहिए.

गर्भवती महिलाओं के पोषण पर भी जोर

उपायुक्त ने गर्भवती महिलाओं के पोषण को भी महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान महिला द्वारा लिया गया पोषण गर्भस्थ शिशु के शारीरिक और मानसिक विकास को प्रभावित करता है. इसलिए गर्भवती महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है.

उन्होंने कहा कि ‘शिशु शक्ति’ एक महत्वपूर्ण पहल है और इसके परिणामों की नियमित समीक्षा की जाएगी. इसका संदेश सिर्फ कार्यक्रम तक सीमित न रहकर प्रत्येक परिवार तक पहुंचना चाहिए.

सामान्य THR से अधिक ऊर्जा और प्रोटीन युक्त है ‘शिशु शक्ति’

‘शिशु शक्ति’ सामान्य टेक-होम राशन (THR) की तुलना में अधिक ऊर्जा और प्रोटीन युक्त विशेष पोषण आहार है. प्रति 100 ग्राम में लगभग 491 किलो कैलोरी ऊर्जा और 17.33 ग्राम प्रोटीन उपलब्ध कराया जाएगा.

यह सामान्य THR का विकल्प नहीं है, बल्कि चिन्हित SAM बच्चों के लिए अतिरिक्त पोषण सहायता के रूप में दिया जाएगा.

नियमित निगरानी और फॉलोअप होगा

योजना के तहत SAM बच्चों की समय पर पहचान, उचित प्रबंधन, नियमित वृद्धि निगरानी, चिकित्सकीय आकलन और फॉलोअप सुनिश्चित किया जाएगा. जिन बच्चों में चिकित्सकीय जटिलताएं होंगी, उन्हें आवश्यकता के अनुसार सुविधा-आधारित उपचार से भी जोड़ा जाएगा.

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान ने कहा कि योजना की सफलता केवल वितरित किए गए A-THR की संख्या से नहीं आंकी जाएगी. यह देखा जाएगा कि कितने चिन्हित SAM बच्चों की नियमित निगरानी हुई, कितने बच्चे स्वस्थ हुए और रिकवरी के बाद उनकी पोषण स्थिति कितनी स्थिर रही.

कार्यक्रम में विभिन्न CDPO, महिला पर्यवेक्षिकाएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं और A-THR के लाभुक मौजूद रहे.

पलामू में पूर्व पंचायत समिति सदस्य समेत दो गिरफ्तार, 50 लाख के सामान बरामद

No comments

31 August 2026


पलामू। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देशन में नौडीहा बाजार थाना पुलिस को चोरी की घटनाओं के मामले में बड़ी सफलता मिली है. 30 अगस्त को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम नामुदाग निवासी पूर्व पंचायत समिति सदस्य अवधेश कुमार भुईयां के घर पर छापेमारी की. पुलिस के अनुसार, यहां चोरी के सामान को बेचने की योजना बनाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवधेश कुमार भुईयां और उसके साले अमोद भुईयां को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से चोरी की घटनाओं की सूचनाएं पुलिस को मिल रही थीं. इसी बीच मिली गुप्त सूचना के आधार पर नौडीहा बाजार थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया.

रात में ताला तोड़कर सरकारी संस्थानों में करते थे चोरी

पुलिस पूछताछ में, पुलिस के अनुसार, पूर्व पंचायत समिति सदस्य अवधेश कुमार भुईयां ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. बताया गया कि वह अपने साले अमोद भुईयां के साथ मिलकर रात के अंधेरे में सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों को निशाना बनाता था.

आरोपी कथित तौर पर ब्लॉक कार्यालय, स्कूल, पंचायत भवन और अन्य सरकारी कार्यालयों के ताले तोड़कर कंप्यूटर, प्रिंटर, CPU, इन्वर्टर, बैटरी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी करते थे.

कई सरकारी कार्यालय और स्कूल बने निशाना

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने छतरपुर प्रखंड कार्यालय, छतरपुर विद्युत कार्यालय, पाटन प्रखंड कार्यालय, नौडीहा बाजार प्रखंड, नामुदाग पंचायत सचिवालय, स्थानीय फोटो कॉपी दुकानों और नामुदाग हाई स्कूल समेत कई स्थानों से चोरी की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी है.

चोरी किए गए सामान में से कुछ सामान को बेच दिया गया था, जबकि कुछ सामान को बिक्री के लिए आरोपियों के पास रखा गया था. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कई स्थानों से भी सामान बरामद किया है.

13 प्रिंटर समेत लाखों का सामान बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान बरामद किए हैं -

  • 13 प्रिंटर

  • 1 Acer लैपटॉप

  • 1 Acer All-in-One कंप्यूटर

  • 1 Luminous बैटरी

  • 1 Dell CPU

  • 1 Lenovo CPU

  • 1 Acer डेस्कटॉप मॉनिटर

  • 1 Zebronics Home Theatre, 2 स्पीकर सहित

  • 1 Ricoh दीवार घड़ी

  • 2 इन्वर्टर मशीन

  • 1 लेमिनेशन मशीन

  • 2 लैपटॉप माउस

  • 1 लैपटॉप चार्जर

  • 1 HP गैस सिलेंडर

  • 1 मूविंग चेयर

  • 3 Splendor Plus मोटरसाइकिल

शामिल हैं.

पुलिस के अनुसार, बरामद सामानों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 50 लाख रुपये बताया जा रहा है.

प्राथमिकी दर्ज, आगे की जांच जारी

मामले में नौडीहा बाजार थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं और इस नेटवर्क से जुड़े संभावित अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सरकारी संस्थानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के पीछे सक्रिय गिरोह का खुलासा होने की उम्मीद है.

MLA जयराम महतो के खिलाफ पुलिस एसोसिएशन का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

No comments

30 August 2026


पलामू। धनबाद के बरवड्डा थाना प्रभारी के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने आंदोलन का ऐलान किया है. आंदोलन के समर्थन में शनिवार को पलामू पुलिस एसोसिएशन की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई. इस दौरान पुलिसकर्मियों ने विधायक जयराम महतो के कथित व्यवहार की आलोचना करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि विधायक के खिलाफ कार्रवाई के लिए पांच दिनों का अल्टीमेटम दिया गया था, जिसका शनिवार को चौथा दिन है. एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा के भीतर विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो राज्य स्तर पर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा.

सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी जताई नाराजगी

पुलिस एसोसिएशन का आरोप है कि विधायक जयराम महतो की ओर से लगातार वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट किए जा रहे हैं, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने अशोभनीय और अमर्यादित बताया. एसोसिएशन के मुताबिक, विधायक के लगातार दिए जा रहे बयानों से पुलिसकर्मियों के मान-सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंच रही है. पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि विधायक के व्यवहार से राज्य भर के पुलिसकर्मी आहत हैं और वे इस मामले में अपने संगठन के साथ मजबूती से खड़े हैं.

पलामू पुलिस एसोसिएशन आंदोलन में होगा शामिल

पलामू पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष बबलू कुमार ने कहा कि विधायक का व्यवहार सार्वजनिक रूप से सामने आ चुका है. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के मान-सम्मान और गरिमा का हनन हुआ है. एक जनप्रतिनिधि से इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं की जा सकती.

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले में पलामू पुलिस एसोसिएशन, झारखंड राज्य पुलिस एसोसिएशन के साथ है और जरूरत पड़ने पर आंदोलन में शामिल होगा.

प्रेस वार्ता में पलामू के सार्जेंट मेजर सुरेश राम, पुलिस एसोसिएशन के सुनील कुमार, डेविड मिंज, रूपेश कुमार सिंह, अरविंद कुमार तिवारी समेत कई पुलिस अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे.

MMDR संशोधन विधेयक के खिलाफ झामुमो का जनजागरण, हजारों लोगों ने लिया हिस्सा

No comments

29 August 2026

पलामू। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पलामू जिला समिति की ओर से डालटनगंज-भंडरिया विधानसभा क्षेत्र में केंद्र सरकार के नए खान एवं खनिज विकास संशोधन अधिनियम/विधेयक 2026 (MMDR) के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। रामगढ़ प्रखंड के बेडमा-बभनडीह पंचायत स्थित बभनडीह मदरसा मैदान, नावाडीह पंचायत मैदान और चैनपुर प्रखंड के नेउरा पंचायत बाजार प्रांगण में जनसभाओं का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो पलामू जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने किया. सभाओं में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, महिला-पुरुष, पंचायत प्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए.

केंद्र सरकार पर लगाया झारखंड के हितों की अनदेखी का आरोप

जनसभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि नए MMDR कानून के जरिए झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर राज्य के अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है.

उन्होंने कहा कि झारखंड को उसकी रॉयल्टी और खनिज संसाधनों से मिलने वाली हिस्सेदारी से वंचित करने के किसी भी प्रयास का झामुमो विरोध करेगा। उन्होंने इसे राज्य के संवैधानिक और आर्थिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया.

मैया सम्मान और अबुआ आवास का भी उठाया मुद्दा

राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मैया सम्मान योजना और अबुआ आवास योजना का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र से राज्य के राजस्व संबंधी अधिकारों को प्रभावित करने की कोशिशों का असर जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ सकता है.

उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अपने अधिकारों और राज्य के हितों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाएगी.

ग्राम सभा और पेसा के अधिकारों को लेकर भी सवाल

जनजागरण अभियान के दौरान वक्ताओं ने स्थानीय जनता, ग्राम सभा और पेसा (PESA) कानून के अधिकारों का मुद्दा भी उठाया। वक्ताओं ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों और खनिज संसाधनों से जुड़े फैसलों में स्थानीय समुदायों की भूमिका सुनिश्चित करने के लिए आवाज बुलंद करें. कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने “काला कानून वापस लो”, “हेमंत सोरेन जिंदाबाद” और “झारखंड हमारा है, अधिकारों की लूट बंद करो” जैसे नारे लगाए.

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

जनजागरण कार्यक्रम में केंद्रीय समिति सदस्य सलोनी टोपनो, जिला सचिव रंजन चंद्रवंशी, संगठन सचिव देवानंद भारद्वाज, वरिष्ठ नेता रामनाथ चंद्रवंशी, अल्पसंख्यक अध्यक्ष फ़ज़ायल अहमद, कमरूदीन अंसारी, सरोज अंसारी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. झामुमो नेताओं ने कहा कि MMDR संशोधन विधेयक के खिलाफ पार्टी का जनजागरण अभियान आगे भी जारी रहेगा और गांव-गांव जाकर लोगों को इस मुद्दे की जानकारी दी जाएगी.

वन राखी मूवमेंट की स्वर्ण जयंती पर पेड़ों को बांधी राखी, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

No comments

28 August 2026


पर्यावरण धर्म गुरु डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने कहा-वृक्ष सुरक्षित रहेंगे, तभी धरती पर जीवन सुरक्षित रहेगा

पलामू। वन राखी मूवमेंट की स्वर्ण जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पलामू जिले में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया गया. पर्यावरण संरक्षण अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पर्यावरण धर्म गुरु सह वन राखी मूवमेंट के प्रणेता डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने वृक्षों को राखी बांधकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.

इस अवसर पर डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने कहा कि मानव रूपी भाई की रक्षाबंधन से कहीं अधिक जरूरी जीवन रूपी वृक्षों की रक्षा करना है. वृक्ष सुरक्षित रहेंगे, तभी धरती पर जीवन सुरक्षित रहेगा. उन्होंने लोगों से पेड़ों की सुरक्षा और अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की.

1967 में शुरू किया था ‘जंगल लगाओ-जंगल बचाओ’ अभियान

डॉ. कौशल ने बताया कि वर्ष 1967 में छतरपुर प्रखंड के डाली गांव स्थित अपनी 7.72 एकड़ निजी भूमि पर वृक्षारोपण कर ‘जंगल लगाओ-जंगल बचाओ’ अभियान की शुरुआत की थी. करीब दस वर्षों बाद जब लगाए गए पेड़ों को वन माफियाओं द्वारा काटा जाने लगा, तब वर्ष 1977 में उन्होंने पर्यावरण धर्म अपनाया। इसके तहत उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के आठ मूल मंत्र निर्धारित किए. इसी विचारधारा के तहत उन्होंने महिलाओं के साथ मिलकर वृक्षों को भाई मानकर उन्हें राखी बांधने की परंपरा शुरू की. उनका कहना है कि जिस प्रकार बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र और सुरक्षा की कामना करती है, उसी प्रकार वृक्षों को राखी बांधकर संपूर्ण जीव-जगत की सुरक्षा की कामना की जाती है. इसी सोच से वन राखी मूवमेंट को गति मिली.

22 देशों की करीब 200 प्रजातियों के पौधे बने आकर्षण का केंद्र

वन राखी मूवमेंट की स्वर्ण जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत डाली बाजार स्थित कौशल नगर के मोहनलाल खुर्जा-पार्वती देवी पार्क में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. पार्क में विश्व के 22 देशों से लाए गए करीब 200 प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। इनमें कई औषधीय एवं विलुप्तप्राय प्रजातियों के पौधे भी शामिल हैं.

कार्यक्रम के दौरान विश्व के प्रथम पर्यावरण धर्म ज्ञान वृक्ष देव मंदिर परिसर में पर्यावरण धर्म की प्रार्थना के साथ पौधारोपण किया गया. इसके बाद डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण धर्म के आठ मूल मंत्रों की शपथ दिलाई.

इस अवसर पर लोगों को अंगवस्त्र एवं 351 पौधे देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों की सुरक्षा को लेकर लोगों ने संकल्प भी लिया.

महिलाओं की रही सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रम में पूर्व उप मुखिया अफजाल अंसारी, जुबेर अंसारी, गुलाम गौस, रजी अहमद, रामजी प्रसाद, श्याम देव पासवान, शिवनाथ राम, बाबूराम, लक्ष्मण राम, धर्मदेव यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं मौजूद रहीं. कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने वृक्षों को राखी बांधकर उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया.

डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने कहा कि पेड़ केवल प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि मानव जीवन का आधार हैं. इसलिए वृक्षों की रक्षा को सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाना होगा.

पलामू में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक को लगी गोली, पुलिस जांच में जुटी

No comments

26 August 2026


पलामू। टाउन थाना क्षेत्र के जेल हाता इलाके में मंगलवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक को गोली लगने का मामला सामने आया है. गोली युवक के पेट में लगी है. घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

घायल युवक की पहचान जितेंद्र कुमार पासवान के रूप में हुई है. वह लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. जितेंद्र बैरिया चौक के पास एक आर्किटेक्ट के यहां काम करता है.

गोली कैसे लगी, युवक को भी नहीं पता

पुलिस के अनुसार, युवक को मंगलवार की शाम करीब 8:30 बजे गोली लगी, जबकि उसे अस्पताल में रात करीब 9:30 बजे के बाद भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटना के समय और अस्पताल पहुंचने में हुई देरी को लेकर मामले को संदिग्ध माना है.

युवक ने पुलिस को बताया कि जेल हाता चौक के पास अचानक उसके पेट से खून निकलने लगा. इसके बाद उसे गोली लगने का एहसास हुआ. गोली कैसे लगी, इस बारे में उसे स्पष्ट जानकारी नहीं है.

पुलिस सभी बिंदुओं पर कर रही जांच

सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. वहीं, टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि गोली लगने के करीब एक घंटे बाद युवक अस्पताल पहुंचा, जबकि उसका घर अस्पताल से करीब 400 मीटर और कथित घटनास्थल से कुछ ही मिनट की दूरी पर है.

पुलिस अधिकारी के मुताबिक घटना को लेकर सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक को गोली किन परिस्थितियों में लगी और घटना के पीछे क्या कारण है.

इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद युवक के परिजन और शुभचिंतक भी अस्पताल पहुंच गए. पुलिस मामले की जांच के साथ घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों को खंगाल रही है.

खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ झामुमो का जनजागरण अभियान, सभी विधानसभा क्षेत्रों में पर्यवेक्षक नियुक्त

No comments

23 August 2026


पलामू। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति के सदस्यों, पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक रविवार को स्थानीय परिसदन भवन में आयोजित की गई. बैठक में खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 से झारखंड को होने वाले संभावित आर्थिक नुकसान और केंद्र सरकार पर राज्य की बकाया राशि को लेकर लगाए जा रहे आरोपों के खिलाफ जनजागरण अभियान और आंदोलन की रणनीति पर चर्चा हुई.

बैठक की अध्यक्षता झामुमो पलामू जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने की, जबकि संचालन जिला सचिव रंजन चंद्रवंशी ने किया.

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने कहा कि प्रस्तावित अधिनियम के लागू होने से झारखंड में संचालित सामाजिक और जनकल्याणकारी योजनाओं पर गंभीर असर पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि मंईयां सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना और सर्वजन पेंशन योजना के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं भी प्रभावित होने की आशंका है.

उन्होंने कहा कि झारखंड की अर्थव्यवस्था और सरकारी राजस्व का बड़ा हिस्सा खनिज संसाधनों से जुड़ा हुआ है. खनन केवल औद्योगिक गतिविधि नहीं, बल्कि लाखों लोगों के रोजगार, जमीन, पर्यावरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जुड़ा विषय है.

राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने कहा कि वर्षों से झारखंड की धरती से निकलने वाला कोयला और लौह अयस्क देश के औद्योगिक एवं ऊर्जा क्षेत्र की जरूरतें पूरी करता रहा है. इसके बदले झारखंड को विस्थापन, प्रदूषण, जंगलों के नुकसान और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की कीमत भी चुकानी पड़ी है. उन्होंने सवाल उठाया कि जिस राज्य की जमीन से खनिज संपदा निकाली जा रही है, क्या उस राज्य को अपने विकास और जनता के कल्याण के लिए उस संपदा से उचित राजस्व प्राप्त करने का अधिकार नहीं होना चाहिए?

सभी विधानसभा क्षेत्रों में जनजागरण की तैयारी

बैठक में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों से झारखंड के आर्थिक हितों को होने वाले संभावित नुकसान के मुद्दे पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाने तथा आवश्यकता पड़ने पर चरणबद्ध आंदोलन करने की रणनीति पर चर्चा की. जिला समिति ने झारखंड के हक और अधिकार की लड़ाई को मजबूत करने का संकल्प लिया.

जनजागरण और आंदोलन को मजबूती देने के लिए पलामू की सभी विधानसभा सीटों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है.

विश्रामपुर विधानसभा: युगल चंद्रवंशी, अविनाश देव, असफर रब्बानी, कमलेश पाठक, अनिल चंद्रवंशी, शाहबाज आलम और सुमित बर्मन.

पांकी विधानसभा: सन्नू सिद्दीकी, सुनील तिवारी, सन्नी शुक्ला, बबलू शाहनवाज, दीपू चौरसिया, राकेश सिंहा, अखिलेश सिंह और रमेश सिंह.

हुसैनाबाद विधानसभा: चंदन प्रकाश सिन्हा, वशिष्ठ सिंह, विवेकानंद सिंह, डॉ. एजाज, नेहाल असगर, आलोक सिंह उर्फ टूटू सिंह और सुशील सिंह.

पाटन-छतरपुर विधानसभा: संजीव तिवारी, संतोष उपाध्याय, पप्पू कमाल खान, मुन्ना सिंहा, रंजीत सिंह, नवीन सिंहा, अनुराग सिंह, रंजीत जायसवाल और ईश्वरी मेहता.

डालटनगंज विधानसभा: राजेंद्र प्रसाद सिन्हा, बालकिशन उरांव, रंजन चंद्रवंशी, सलोनी टोप्पो, श्रवण गुप्ता, धीरेन्द्र उरांव, देवानंद भारद्वाज, आशुतोष विनायक, फ़ज़ायल अहमद और रामनाथ चंद्रवंशी को जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा नगर निगम, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, छात्र मोर्चा और महानगर मोर्चा के लिए भी पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए.

बैठक में केंद्रीय समिति सदस्य सह उपाध्यक्ष सन्नू सिद्दीकी, संजीव तिवारी, चंदन प्रकाश सिन्हा, हाजी ललन, युगल किशोर चंद्रवंशी, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुशीला मिश्रा, वरिष्ठ नेता सुनील तिवारी, रामचंद्र चंद्रवंशी, अविनाश देव, राकेश सिंहा, असफर रब्बानी, संगठन सचिव देवानंद भारद्वाज, शाहबाज खान, अनुराग प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष रंजीत जायसवाल, सचिव अल्ताफ राइन, मन्नत सिंह बग्गा, युवा मोर्चा अध्यक्ष सूरज कुमार, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष फ़ज़ायल अहमद, छात्र मोर्चा सचिव सैयद फैजल, महिला मोर्चा सचिव संजू देवी, रजिया बानो, मंजू चंद्रवंशी, व्यवसाय मोर्चा अध्यक्ष दीपू चौरसिया, आरफीन अली और शमीम हाशमी समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.

झामुमो नेताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी कार्यकर्ताओं के माध्यम से आम लोगों तक इस मुद्दे की जानकारी पहुंचाई जाएगी और झारखंड के आर्थिक हितों से जुड़े विषय पर व्यापक जनसमर्थन जुटाया जाएगा.

पलामू में जेल से छूटे 117 लोगों की थाना परेड, एसपी ने कहा- अपराध छोड़ मुख्यधारा में लौटें

No comments
पलामू। पलामू पुलिस के निर्देशानुसार चैनपुर थाना परिसर में आपराधिक मामलों में आरोपित रहे और जेल से रिहा हुए व्यक्तियों की थाना परेड कराई गई. इस दौरान कुल 117 व्यक्ति उपस्थित हुए.

थाना परेड में हत्या के 26, लूट के 15, चोरी के 15, आर्म्स एक्ट के 33 तथा अन्य आपराधिक मामलों के 28 व्यक्ति शामिल रहे.

मौके पर पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने उपस्थित लोगों से बातचीत कर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली. उन्होंने सभी को अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने तथा परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने की नसीहत दी.

एसपी ने कहा कि अपराध की राह न केवल व्यक्ति के भविष्य को प्रभावित करती है, बल्कि उसके परिवार के भविष्य पर भी प्रतिकूल असर डालती है. उन्होंने सभी से कानून का पालन करने, किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने और शांतिपूर्ण जीवन जीने की अपील की.

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. थाना परेड का उद्देश्य जेल से बाहर आए व्यक्तियों की गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ उन्हें अपराध से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा में जुड़ने के लिए प्रेरित करना रहा.

Palamu Court News: गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा कोर्ट में पेश, दर्ज हुआ बयान

No comments

 


पलामू: कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पलामू कोर्ट में पेश हुई. रिया सिन्हा फिलहाल चाईबासा जेल में बंद है. पुलिस सुरक्षा में उसे चाईबासा जेल से पलामू लाया गया, जहां पलामू व्यवहार न्यायालय के एडीजे-08 की अदालत में उसकी पेशी हुई. कोर्ट में बयान दर्ज होने के बाद रिया सिन्हा को वापस चाईबासा जेल भेज दिया गया.

फायरिंग मामले में हुई पेशी

रिया सिन्हा के अधिवक्ता चितरंजन पांडेय ने बताया कि वह एसटी नंबर 255/2019 मामले में अदालत के समक्ष पेश हुई थीं. एडीजे-08 की अदालत में रिया सिन्हा का बयान दर्ज किया गया. पेशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें सुरक्षा व्यवस्था के बीच चाईबासा के लिए रवाना कर दिया गया.

यह मामला वर्ष 2018-19 में पलामू के पड़वा थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना से जुड़ा है. फायरिंग के इस मामले में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के अलावा उसकी पत्नी रिया सिन्हा समेत कई अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था.

सुजीत सिन्हा के अंतिम संस्कार में पैरोल पर पहुंची थी रिया

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की जामताड़ा इलाके में एनकाउंटर में मौत हुई थी. उसे साहिबगंज जेल से धनबाद जेल स्थानांतरित किया जा रहा था. इसी दौरान जामताड़ा इलाके में पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें उसकी मौत हो गई.

सुजीत सिन्हा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रिया सिन्हा को पैरोल मिली थी. वह पैरोल पर पलामू के हुसैनाबाद पहुंची थी.

झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर था सुजीत सिन्हा

सुजीत सिन्हा झारखंड के कुख्यात गैंगस्टरों में शामिल रहा है. उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे. वह मूल रूप से पलामू जिले के हुसैनाबाद के पथरा गांव का रहने वाला था. वहीं, उसका घर मेदिनीनगर के रेड़मा इलाके में भी बताया जाता है.

रिया सिन्हा पर भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. फिलहाल वह चाईबासा जेल में बंद है और अलग-अलग मामलों में उसकी न्यायिक प्रक्रिया जारी है.

गढ़वा में छात्रों पर हमले को लेकर विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी का सरकार पर हमला, CBI जांच की मांग

No comments

गढ़वा: आंदोलनरत छात्रों के साथ मारपीट की घटना को लेकर गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा है. शनिवार को स्थानीय परिसदन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक ने शांतिपूर्ण तरीके से पुतला दहन कर रहे छात्रों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि छात्र अपने भविष्य और रोजगार की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे थे, ऐसे में उनके खिलाफ बल प्रयोग किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है.

विधायक ने आरोप लगाया कि झामुमो कार्यकर्ताओं ने छात्रों के साथ नक्सलियों जैसा व्यवहार करते हुए उनकी पिटाई की. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और सत्तारूढ़ दल के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है. इसके बावजूद छात्रों के आंदोलन को दबाने का प्रयास किया गया.

छात्रों का आंदोलन जनांदोलन का रूप ले चुका: विधायक

सत्येंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि झारखंड में छात्रों और युवाओं का आंदोलन अब जनांदोलन का रूप ले चुका है. उन्होंने कहा कि मेधावी छात्र वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोपों के कारण उनका भविष्य अधर में लटक जाता है. ऐसे में छात्रों के पास अपनी समस्याओं को उठाने के लिए आंदोलन के अलावा क्या विकल्प बचता है.

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार के खिलाफ पुतला दहन करना और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना विरोध का संवैधानिक अधिकार है. इसके बावजूद छात्रों पर बल प्रयोग किया जाना उचित नहीं है.

JMM कार्यकर्ताओं पर आंदोलन दबाने का आरोप

भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि पलामू, गढ़वा समेत पूरे झारखंड में झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा छात्रों के आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि इस दौरान केवल झामुमो के छात्र मोर्चा के लोग ही नहीं, बल्कि पार्टी के मुख्य कार्यकर्ता भी शामिल रहे.

हालांकि, ये आरोप विधायक की ओर से लगाए गए हैं. संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आने पर खबर को अपडेट किया जा सकता है.

JPSC परीक्षा में गड़बड़ी का लगाया आरोप

विधायक ने JPSC की 11वीं और 13वीं सिविल सेवा परीक्षा का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि इन परीक्षाओं को लेकर छात्रों के बीच गंभीर सवाल हैं. विधायक ने परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और उगाही की शिकायतें सामने आने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा कि भाजपा की मांग स्पष्ट है कि राज्य के मेधावी और योग्य छात्रों को उनकी योग्यता के आधार पर नौकरी मिलनी चाहिए. किसी अयोग्य अभ्यर्थी को गलत तरीके से नौकरी नहीं मिलनी चाहिए और किसी योग्य अभ्यर्थी का अधिकार नहीं छीना जाना चाहिए.

पूरे मामले की CBI जांच की मांग

सत्येंद्र नाथ तिवारी ने परीक्षा से जुड़े पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच के जरिए परीक्षा प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.

पलामू में NHAI निर्माण साइट पर फायरिंग, दो मजदूर घायल

No comments

21 August 2026



पलामू: जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में नेशनल हाईवे निर्माण साइट पर गुरुवार देर रात बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग कर दी. घटना में दो मजदूर गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायल मजदूर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के रहने वाले हैं. घटना के बाद इलाके में पुलिस ने सर्च अभियान तेज कर दिया है.

घायल मजदूरों की पहचान अजय हांसदा और संजय हांसदा के रूप में हुई है. अजय के पैर में गोली लगी है, जबकि संजय के पेट में गोली लगी है. दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है.

घटनास्थल से चार खोखा और पर्चा बरामद

फायरिंग की सूचना मिलते ही पलामू एसपी कपिल चौधरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने मौके से चार खोखा बरामद किया है. साथ ही कथित तौर पर राहुल दुबे गिरोह से जुड़ा एक पर्चा भी बरामद हुआ है.

पुलिस के अनुसार, देर रात करीब दो बजे के बाद बाइक पर सवार दो अपराधी निर्माण स्थल पर पहुंचे और मजदूरों के अस्थाई कैंप को निशाना बनाते हुए फायरिंग की. वारदात के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए.

फ्लाईओवर के ऊपर बनाया गया है अस्थाई कैंप

सतबरवा इलाके में नेशनल हाईवे-139 के फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा है. रजडेरवा में हाईवे का फ्लाईओवर बनाया गया है, जिसके ऊपर मजदूरों के रहने के लिए अस्थाई कैंप बनाया गया है. इसी कैंप में देर रात अपराधियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया.

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस घटना के पीछे के कारणों और गिरोह की भूमिका की भी जांच कर रही है.

पलामू में पिता की हत्या के आरोपी पुत्र गिरफ्तार, कोर्ट भेजा गया

No comments

20 August 2026

पलामू। पांकी थाना क्षेत्र के मतुली गांव में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त पुत्र संतोष सिंह उर्फ संतु सिंह (32) को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गुरुवार, 20 अगस्त 2026 को आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया.

पुलिस के अनुसार, पांकी थाना कांड संख्या 133/2026, दिनांक 16 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/238 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले में ग्राम मतुली, रागनियाटांड़ निवासी संतोष सिंह उर्फ संतु सिंह, पिता स्व. जगतपाल सिंह, को प्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया था.

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे माननीय न्यायालय में उपस्थापन के लिए भेजा गया.पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की जांच और अन्य आवश्यक कार्रवाई जारी है.

बाढ़ में बह गईं किताबें, उपायुक्त ने फिर थामा कृतिका की पढ़ाई का हाथ

No comments

पलामू: जन समाधान कार्यक्रम में अपनी समस्या लेकर पहुंची कक्षा 5 की छात्रा कृतिका कुमारी की पढ़ाई अब नहीं रुकेगी.
हाल में भारी बारिश और कोयल नदी का जलस्तर बढ़ने से कृतिका के घर में पानी घुस गया था, जिससे उसकी कॉपी-किताबें एवं पढ़ाई की अन्य सामग्री बह गई थी. कृतिका ने उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत से पढ़ाई के लिए किताबें उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था.
बच्ची की बात को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था. आज उपायुक्त ने अपने कार्यालय कक्ष में कृतिका को स्वयं किताबें उपलब्ध कराईं.
कृतिका का सपना जवाहर नवोदय विद्यालय में दाखिला लेकर आगे पढ़ाई करने का है. किताबें मिलने के बाद उसके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी.

बाढ़ में बह गई किताबें, डीसी से लगाई गुहार, शिक्षा विभाग ने शुरू की मदद

No comments

19 August 2026


पलामू: कोयल नदी में आई बाढ़ ने कई परिवारों को मुश्किल में डाल दिया. इसी बाढ़ की चपेट में मेदिनीनगर के सुदना बैंक कॉलोनी की पांचवीं कक्षा की छात्रा कृतिका की किताबें और कॉपियां भी बह गईं. पढ़ाई का सामान बर्बाद होने के बाद उसके सामने पढ़ाई जारी रखने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई. लेकिन कृतिका ने हिम्मत नहीं हारी और बुधवार को जन समाधान कार्यक्रम में पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह के सामने अपनी समस्या रखी.

पड़ोस की आंटी के साथ पहुंची डीसी के पास

बुधवार की सुबह जन समाधान कार्यक्रम में जिलेभर से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे. इसी दौरान कृतिका भी अपने पड़ोस की आंटी का हाथ थामे डीसी के पास पहुंची. झिझकते हुए उसने अपनी बात रखी और बताया कि कोयल नदी के बाढ़ के पानी में उसकी किताबें और कॉपियां बह गई हैं. इसके कारण वह पढ़ाई नहीं कर पा रही है.

कृतिका ने बताया कि उसके पिता कोई काम नहीं करते, जबकि उसकी मां घर-घर जाकर घरेलू काम करके परिवार का खर्च चलाती हैं. वह फिलहाल एक निजी स्कूल में पढ़ती है. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बाढ़ में बर्बाद हुई किताब-कॉपियों को दोबारा खरीदना परिवार के लिए आसान नहीं है.

डीसी ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा

कृतिका की समस्या सुनने के बाद डीसी दिलीप प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक को तत्काल आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया. डीसी ने बच्ची को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह ठीक से पढ़ाई करे और उसे हर संभव मदद दी जाएगी.

डीसी के आश्वासन के बाद कृतिका के चेहरे पर उम्मीद नजर आई. उसके लिए किताबें और कॉपियां केवल पढ़ाई का सामान नहीं, बल्कि अपने भविष्य के सपनों को पूरा करने का जरिया हैं.

शिक्षा विभाग ने शुरू की कार्रवाई

कृतिका की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने भी तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है. जिला शिक्षा अधीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि छात्रा को जल्द किताबें और कॉपियां उपलब्ध कराई जा रही हैं. विभाग उसकी पढ़ाई में भी आवश्यक सहयोग करेगा.

विभाग की ओर से कृतिका के परिजनों से सरकारी स्कूल में नामांकन को लेकर भी बातचीत की गई है. हालांकि फिलहाल वह निजी स्कूल में पढ़ रही है, लेकिन शिक्षा विभाग ने उसकी पढ़ाई जारी रखने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है.

बाढ़ किताबें बहा ले गई, सपने नहीं

कृतिका की कहानी इस बात की मिसाल है कि मुश्किल हालात के बावजूद हिम्मत नहीं हारनी चाहिए. बाढ़ का पानी उसकी किताबें और कॉपियां बहा ले गया, लेकिन पढ़ने और आगे बढ़ने का उसका सपना नहीं बहा. अपनी छोटी सी उम्र में उसने हिम्मत जुटाकर प्रशासन के सामने अपनी बात रखी और अब शिक्षा विभाग की मदद से उसके दोबारा पढ़ाई शुरू करने की उम्मीद जगी है.

कृतिका की आंखों में अब वही सपना है-किताबें फिर हाथ में हों, पढ़ाई दोबारा शुरू हो और वह अपने परिवार को एक दिन गर्व महसूस करा सके.

डंडई में करंट की चपेट में आने से मुखिया की मौत

No comments

गढ़वा। डंडई प्रखंड की झोतर पंचायत की मुखिया संगीता देवी (35) की बुधवार को बिजली करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.

जानकारी के अनुसार, घर की बिजली में खराबी आने के बाद संगीता देवी छत पर तार की समस्या देखने गई थीं. इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गईं. कुछ देर बाद परिजनों ने उन्हें तार से सटा हुआ पाया. इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई.

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया. थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया करंट लगने से मौत की बात सामने आई है. घटना के समय मृतका के पति विष्णु यादव देवघर में थे.

संगीता देवी अपने पीछे दो छोटी बेटियां छोड़ गई हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद बीडीओ देवलाल करमाली समेत जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया. घटना से पंचायत क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है.

पलामू में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने किया ध्वजारोहण

No comments

15 August 2026

पलामू। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पलामू जिले में उत्साह, देशभक्ति और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया. जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी. इस दौरान पूरा स्टेडियम देशभक्ति के नारों से गूंज उठा.

समारोह में पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, पलामू एसपी कपिल चौधरी, पलामू डीआईजी कौशल किशोर और पलामू आयुक्त कुमुद सहाय समेत जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.
पुलिस जवानों ने दी सलामी

ध्वजारोहण के बाद पुलिस बल के जवानों ने शानदार परेड प्रस्तुत की और मुख्य अतिथि वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर को सलामी दी. समारोह में जिले के विकास, कानून-व्यवस्था और जनकल्याण से जुड़े विषयों को प्रमुखता से रखा गया.

स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन

अपने संबोधन में वित्त मंत्री ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि इसके साथ जिम्मेदारियां भी जुड़ी हैं. उन्होंने राज्य और पलामू जिले के विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं पर भी प्रकाश डाला.

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित

समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिसकर्मी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए. इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों और विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया.

तिरंगे के नीचे लिया एकता का संकल्प

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस लाइन स्टेडियम में देशभक्ति का माहौल बना रहा. अधिकारियों, जवानों और आम नागरिकों ने तिरंगे की छांव में राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया.

गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हुए समारोह के दौरान वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. समारोह ने लोगों में राष्ट्रप्रेम, एकता और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया.
Don't Miss
© all rights reserved
made with by templateszoo