चतरा। कृष्ण जन्माष्टमी के दिन चतरा में एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत अंतर्गत घूरनाडीह गांव स्थित कड़गु पटेर नदी में पिकनिक मनाने पहुंचे तीन दोस्तों की डूबने से मौत हो गई. हादसे के बाद तीनों परिवारों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे इलाके में मातम पसरा है.
बताया गया कि तीनों दोस्त सुबह साइकिल से नदी पहुंचे थे. नदी किनारे तीनों ने पास्ता बनाकर खाया. इसके बाद वे नहाने के लिए नदी में उतर गए. इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए.
कुछ देर बाद ग्रामीणों ने नदी में एक बच्चे का शव देखा. वहीं दूसरे बच्चे का शव नदी से कुछ दूरी पर सड़क किनारे बरामद हुआ. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
मृतकों की पहचान चौर मोहल्ला निवासी 11 वर्षीय अंश प्रकाश और ढंगरटोली निवासी 16 वर्षीय प्रिंस कुमार के रूप में हुई। दोनों के शव मिलने के बाद तीसरे दोस्त 10 वर्षीय सत्यम कुमार के लापता होने की जानकारी सामने आई.
इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सघन तलाशी अभियान शुरू किया. गोताखोरों ने नदी के गहरे हिस्सों में घंटों तलाश की. लगातार प्रयास के बाद सत्यम कुमार का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया.
तीसरे बच्चे का शव मिलने के बाद घटनास्थल पर मौजूद परिजनों की आखिरी उम्मीद भी टूट गई. तीनों बच्चों की मौत की खबर से परिवारों में चीख-पुकार मच गई. जन्माष्टमी के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया.
घटनास्थल से साइकिल और अन्य सामान बरामद
पुलिस को घटनास्थल से दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग समेत अन्य सामान मिले हैं. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है.

No comments
New comments are not allowed.