रिर्पोट - लक्ष्मी सिंह
पलामू। हैदरनगर प्रखंड के बरेवा गांव में शहीद आरक्षी संतन कुमार मेहता की प्रतिमा का अनावरण किया गया. पलामू एसपी कपिल चौधरी ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर पुलिस अधिकारियों और शहीद के परिजनों ने भी उन्हें नमन किया.
बरेवा गांव में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में शहीद की माता धनकुलिया कुंवर, पलामू एसपी कपिल चौधरी और हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की. इसके बाद शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई. पुलिस अधिकारियों ने शहीद के परिजनों को शॉल प्रदान कर सम्मानित भी किया.
शहीद का बलिदान जवानों के लिए प्रेरणास्रोत: एसपी
मौके पर एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि शहीद संतन कुमार मेहता ने अपनी मिट्टी की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया. उनका बलिदान हमेशा अमर रहेगा. उन्होंने कहा कि शहीद जवान का बलिदान पुलिस के जवानों और पदाधिकारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है.
एसपी ने शहीद के परिवार को भरोसा दिलाया कि पुलिस विभाग हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा और परिवार को हर संभव सहयोग दिया जाएगा.
श्रद्धांजलि समारोह में शहीद के परिजनों के अलावा पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. सभी ने शहीद संतन कुमार मेहता के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

No comments
New comments are not allowed.