पलामू। पलामू पुलिस के निर्देशानुसार चैनपुर थाना परिसर में आपराधिक मामलों में आरोपित रहे और जेल से रिहा हुए व्यक्तियों की थाना परेड कराई गई. इस दौरान कुल 117 व्यक्ति उपस्थित हुए.
थाना परेड में हत्या के 26, लूट के 15, चोरी के 15, आर्म्स एक्ट के 33 तथा अन्य आपराधिक मामलों के 28 व्यक्ति शामिल रहे.
मौके पर पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने उपस्थित लोगों से बातचीत कर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली. उन्होंने सभी को अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने तथा परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने की नसीहत दी.
एसपी ने कहा कि अपराध की राह न केवल व्यक्ति के भविष्य को प्रभावित करती है, बल्कि उसके परिवार के भविष्य पर भी प्रतिकूल असर डालती है. उन्होंने सभी से कानून का पालन करने, किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने और शांतिपूर्ण जीवन जीने की अपील की.
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. थाना परेड का उद्देश्य जेल से बाहर आए व्यक्तियों की गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ उन्हें अपराध से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा में जुड़ने के लिए प्रेरित करना रहा.

No comments
New comments are not allowed.