लेटेस्ट

Latest

पलामू में NHAI निर्माण साइट पर फायरिंग, दो मजदूर घायल

Firing at National Highway construction site in Palamu; two workers injured

21 August 2026

/ by Uday Bharat



पलामू: जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में नेशनल हाईवे निर्माण साइट पर गुरुवार देर रात बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग कर दी. घटना में दो मजदूर गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायल मजदूर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के रहने वाले हैं. घटना के बाद इलाके में पुलिस ने सर्च अभियान तेज कर दिया है.

घायल मजदूरों की पहचान अजय हांसदा और संजय हांसदा के रूप में हुई है. अजय के पैर में गोली लगी है, जबकि संजय के पेट में गोली लगी है. दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है.

घटनास्थल से चार खोखा और पर्चा बरामद

फायरिंग की सूचना मिलते ही पलामू एसपी कपिल चौधरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने मौके से चार खोखा बरामद किया है. साथ ही कथित तौर पर राहुल दुबे गिरोह से जुड़ा एक पर्चा भी बरामद हुआ है.

पुलिस के अनुसार, देर रात करीब दो बजे के बाद बाइक पर सवार दो अपराधी निर्माण स्थल पर पहुंचे और मजदूरों के अस्थाई कैंप को निशाना बनाते हुए फायरिंग की. वारदात के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए.

फ्लाईओवर के ऊपर बनाया गया है अस्थाई कैंप

सतबरवा इलाके में नेशनल हाईवे-139 के फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा है. रजडेरवा में हाईवे का फ्लाईओवर बनाया गया है, जिसके ऊपर मजदूरों के रहने के लिए अस्थाई कैंप बनाया गया है. इसी कैंप में देर रात अपराधियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया.

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस घटना के पीछे के कारणों और गिरोह की भूमिका की भी जांच कर रही है.

No comments

Don't Miss
© all rights reserved
made with by templateszoo