लेटेस्ट

Latest

विधानसभा आम चुनाव को लेकर रंगोली प्रतियोगिता का होगा आयोजन, 60 टीमें लेगी भाग

Rangoli competition will be organized for assembly general election. 60 teams will participate

21 October 2019

/ by Uday Bharat
पलामू : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- उपायुक्त के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा आम चुनाव-2019 को लेकर स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन होगा। प्रतियोगिता 25 अक्टूबर 2019 को कोयल नदी तट पर होगी. इसमें सरकारी, गैरसरकारी विभिन्न स्कूलों की छात्राएं, शिक्षिकाएं, आंगनबाड़ी सेविका, सखी मंडल की महिलाएं, स्काउट एंड गाइड के सदस्य, महिला वार्ड पार्षद भाग लेंगी. प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर उप विकास आयुक्त-सह-स्वीप कोषांग के नोडल पदाधिकारी बिंदु माधव प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में उनके कार्यालय वेश्म में बैठक आयोजित की गई. बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतिभागी गिरवर स्कूल के समीप कोयल नदी पुल से लेकर शिबाला घाट तक रंगोली बनाकर मतदाताओं को मतदान करने का संदेश देंगी. वहीं मतदान के लिए प्रेरित करता हुआ स्लोगन अंकित करेंगी। साथ ही रंगोली कार्यक्रम में मतदान जागरूकता के लिए गीत व स्लोगन बोलेंगी.


उप विकास आयुक्त ने कहा कि प्रतियोगिता में 60 टीमें भाग लेंगी। एक टीम में पांच सदस्य होंगे, जिसमें एक गु्रप लीडर होंगी. प्रतियोगिता में बेहतर रंगोली बनाकर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान लाने वाले प्रतिभागी टीम को पुरस्कृत किया जायेगा. साथ ही अन्य टीमों को प्रतिभागिता प्रमाण पत्र दिया जायेगा. प्रतियोगिता दो सत्रों में होगी. पहले सत्र में प्रतिभागियों को 9 बजे से रंगोली बनाना होगा. निर्धारित 1 घंटे में प्रतिभागियों को रंगोली बनाना होगा. इसके बाद निर्णायक मंडली रंगोली का अवलोकन कर बेहतर तीन रंगोली का चयन प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार के लिए करेगी. दूसरे सत्र में टाउन हॉल में रंगोली कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. इसमें अतिथियों का संबोधन होगा और प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जायेगा.

प्रतियोगिता को लेकर कोयल नदी तट पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि प्रतिभागियों को रंगोली बनाने में आसानी हो. इसके अलावा बैठक में उपस्थित लोगों से टीम वाइज प्रतिभागियों की सूची उपलब्ध कराने की बात कही गयी है.

जानकारी हो कि विधानसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने को लेकर स्वीप के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. 25 अक्टूबर को धनतेरस का त्योहार है. धनतेरस के शुभ अवसर पर स्वीप के तहत मतदाता जागरूकता के लिए रंगोली बनाये जाने से प्रत्येक घरों के मतदाता, मतदान के लिए प्रेरित होंगे.

बैठक में समाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक शत्रुंजय कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, जेएसएलपीएस के डीपीएम डीडी सिंह, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी बिजय कुमार ठाकुर, सोशल मीडिया पब्लिसिटी ऑफिसर भाष्कर कुमार, वाड संख्या-22 के पार्षद मनोज कुमार, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश कुमार वर्मा, नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित थे.

Don't Miss
© all rights reserved
made with by templateszoo