लेटेस्ट

Latest

चैंबर ऑफ कॉमर्स चुनाव में अमित जायसवाल की शानदार जीत, 29 वोटों से बने क्षेत्रीय उपाध्यक्ष

Amit Jaiswal secures a resounding victory in the Chamber of Commerce election; becomes Regional Vice President by a margin of 29 votes

14 September 2026

/ by Uday Bharat

पलामू। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के लिए रविवार को रांची के हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में हुए चुनाव में पलामू के छतरपुर पूर्वी जिला परिषद सदस्य अमित कुमार जायसवाल ने बड़ी जीत दर्ज की है. अमित कुमार जायसवाल पलामू प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं.

चुनाव में अमित कुमार जायसवाल को 59 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 30 मत प्राप्त हुए. इस तरह उन्होंने 29 मतों के अंतर से जीत दर्ज की.

जीत के बाद समर्थकों में खुशी

अमित की जीत की खबर मिलते ही छतरपुर क्षेत्र में उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई. लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनने के बाद अमित पलामू प्रमंडल के व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं को राज्य स्तर पर मजबूती से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे.

चार चुनाव, चार जीत

अमित कुमार जायसवाल के पिता और पर्यावरणविद डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने बेटे की जीत पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि अमित ने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन में लगातार सफलता हासिल की है.

डॉ. कौशल के अनुसार, वर्ष 2010 में शादी से पहले अमित डाली पंचायत के मुखिया चुने गए थे और सामान्य सीट पर प्रदेश के सबसे कम उम्र के मुखिया बने थे. वर्ष 2015 में उन्होंने सामान्य सीट पर लगातार दूसरी बार मुखिया का चुनाव जीता. इसके बाद वर्ष 2022 में क्षेत्र की 10 पंचायतों के लोगों ने उन्हें छतरपुर पूर्वी से जिला परिषद सदस्य चुना.

अब तीन जिलों के व्यवसायियों ने उन्हें फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष चुना है. डॉ. कौशल ने कहा कि अमित ने चार चुनाव लड़े और चारों में जीत हासिल कर ‘जीत का चौका’ लगाया है. उन्होंने इस सफलता को अमित की मेहनत, जनता के विश्वास और संस्कारों का परिणाम बताया.

व्यापारियों के हित में बड़ी जिम्मेदारी

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के रूप में अमित कुमार जायसवाल के सामने पलामू प्रमंडल के व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं को सरकार एवं संबंधित विभागों तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी. इसके साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और व्यवसायियों के हितों को मजबूती से राज्य स्तर पर रखने की भी उनसे उम्मीद होगी.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मिले अमित

चैंबर चुनाव में प्रमंडलीय उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद अमित कुमार जायसवाल ने पर्यावरणविद डॉ. कौशल किशोर जायसवाल के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू से कुजू स्थित उनके आवास पर मुलाकात की.

इस दौरान अमित और डॉ. कौशल ने बुके, अंगवस्त्र और हिमाचल के कपूर का पौधा भेंट कर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया. आदित्य साहू ने अमित को चुनाव में जीत की बधाई दी और उनके कार्यों की सराहना की.

इस मौके पर अरविंद जायसवाल, मिट्ठू सिंह, अजीत गुप्ता और मोनू कुमार भी मौजूद रहे.

Next Story Older Post Home

No comments

Don't Miss
© all rights reserved
made with by templateszoo