लेटेस्ट

Latest

Weather News: 25 अगस्त तक बदला रहेगा झारखंड का मौसम, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Ranchi Weather News: Jharkhand's weather to remain unsettled until August 25; heavy rain alert for several districts

23 August 2026

/ by Uday Bharat
रांची: झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार 25 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान कई इलाकों में मेघगर्जन और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है.

23 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 23 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

वहीं, 24 और 25 अगस्त को भी राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात होने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

अगले दो दिनों में 2 से 3 डिग्री बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों के दौरान झारखंड के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है.

26 और 27 अगस्त को भी राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. इन दोनों दिनों के लिए फिलहाल मौसम विभाग की ओर से कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.

जमशेदपुर रहा सबसे गर्म

पिछले 24 घंटे के दौरान जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। वहीं, बहारागोड़ा में सबसे अधिक 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

अन्य प्रमुख शहरों में सरायकेला में 34.5, पाकुड़ में 34, डालटनगंज और बोकारो थर्मल में 32.1, चाईबासा में 30.8 और रांची में 27.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.

रांची में न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री

रांची में न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जमशेदपुर में 25.8, डालटनगंज में 25.6, बोकारो थर्मल में 25.5, चाईबासा में 23.6, खूंटी में 24.5 और लातेहार में 21.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा.

चाईबासा में 10 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान चाईबासा में 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. जमशेदपुर और बोकारो थर्मल में 0.4 मिमी, जबकि लातेहार में 0.5 मिमी बारिश हुई.

एक जून से अब तक रांची में 864.6 मिमी, जमशेदपुर में 672.7 मिमी, डालटनगंज में 639.4 मिमी, बोकारो थर्मल में 531.8 मिमी और चाईबासा में 931.7 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है.

वज्रपात को लेकर सावधानी बरतने की अपील

मौसम विभाग ने 23 अगस्त को भारी बारिश की संभावना वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान लोगों से खुले स्थानों पर जाने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है. तेज हवा और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.

No comments

Don't Miss
© all rights reserved
made with by templateszoo