पलामू : पुलिस को आज बड़ी सफलता हाथ लगी. पुलिस ने जिले के दो अलग अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर क्रमशः टीपीसी और जेजेएमपी के तीन और दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया. इनमें दो सबजोनल कमांडर भी शामिल हैं. उनके पास से आठ हथियार और गोलियां बरामद की गयी. इसमें एक पुलिस राइफल भी शामिल है.
जिले के पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) साकेत कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि टीपीसी के सबजोनल कमांडर निशांत उर्फ निशांत जी रांची आने वाला है. गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किए जाने पर जिला पुलिस के साथ झारखंड जगुआर एवं स्थानीय थाना की पुलिस ने कार्रवाई की। 31 जनवरी को रांची के रातू से निशांत जी को गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ की गयी.
उसकी स्वीकारोक्ति बयान पर उसकी पहचान टीपीसी के सबजोनल कमांडर दारा सिंह उर्फ अमित कुमार उर्फ निशांत जी उर्फ प्रशांत जी के रूप में हुई.
निशांत बिहार के गया जिला अंतर्गत डुमरिया के चैरीटांड़ गांव का निवासी है. पूछताछ के दौरान पता चला कि उसके सहयोग छतरपुर, नावाबाजार एवं पांडू थाना क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में सक्रिय है. यह भी बताया कि संगठन के हथियार नाबाजार के कुंभीखुर्द गांव में उमेश साव को रखने के लिए दिया है. उसके द्वारा पलामू के अलावा चतरा और बिहार के औरंगाबाद में भी कई कांडों को किए जाने की संलिप्तता स्वीकार की गयी.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुनः इसी थाना क्षेत्र के कुंभीखुर्द गांव में उमेश साव के घर छापामारी की गयी. रात में ही उमेश साव को गिरफ्तार किया, वहीं घर में छुपाकर रखे गए 303 बोर एक पुलिस रायफल, 315 बोर की एक देसी रायफल, तीन भरठुआ बंदूक, 6 जिंदा गोलियां, बरामद की गयी. पुलिस को देखकर मौके से फरार हुए उग्रवादियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी तेज की गयी है.
चैनपुर से एरिया कमांडर सहित दो गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिला मुख्यालय से सटे चैनपुर थाना क्षेत्र के कंकारी से जेजेएमपी के एरिया कमांडर सहित दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है. एरिया कमांडर की पहचान राहुल शर्मा के रूप में हुई है. उसके एक साथी अजय साव को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने इसके पास से देसी पिस्तौल, एक जिन्दा गोली, नक्सली पर्चा बरामद किया है.एसपी ने बताया कि जेजेएमपी का एरिया कमांडर महेश भुइयां उर्फ महेश जी का साथी है राहुल शर्मा और अजय साव. चैनपुर के कंकारी का रहनेवाला राहुल शर्मा एरिया कमांडर महेश भुइयां के कहने पर व्यवसाइयों को निशाना बनाता था, उनसे लेवी मांगता था. राहुल पर चैनपुर थाना में सात मामले दर्ज हैं. एक माइंस मालिक द्वारा लेवी नहीं देने पर उसके हाइवा को जलाने की प्लानिंग राहुल कर रहा था. महेश भुइयां ने इसके बदले उसे 10 हजार रूपये दिया था. 50 हजार रूपये गाड़ी जलाने के बाद मिलना था. घटना के पहले ही पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर लिया.
इसे भी पढ़े: बजट को बताया डंडीमार और चौपट, संस्थाएं बेचते-बेचते देश बेच देगी सरकार- रघुवंश प्रसाद सिंह
राहुल कमांडर महेश भुइयां के संपर्क में वर्ष 2014-15 में आया. दोनों जेल में मिले थे. तब से राहुल महेश भुइयाँ के लिए काम करने लगा. पुलिस से बचने के लिए राहुल अपने पास मोबाइल नहीं रखता है. ईट भट्ठा चलाने वाला जेजेएमपी सदस्य अजय साव के मोबाइल फोन के जरिए महेश अपना मैसेज राहुल को देता था. राहुल को महेश भुइयां ने देसी पिस्तौल और गोली भी दिया है. जो नक्सली अजय साव के ईट भट्ठा से मिला है.
राहुल के बताये अनुसार अजय साव के घर पुलिस ने छापामारी की, जहां से लेवी का परचा बरामद हुआ और अजय को गिरफ्तार किया. इनके द्वारा चैनपुर-रामगढ़ इलाके में ईट भट्ठा मालिक व व्यवसायियों से रंगदारी मांगा जाता है.
नक्सलियों की गिरफ्तारी में सदर एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, चैनपुर थाना प्रभारी सुनीत कुमार, जय प्रकाश पासवान, नंदकिशोर दास, शशि रंजन, सहदेव सिंह, राजमोहन राम, झरी मुंडा, संजय ठाकुर, संजय राम शामिल थे.

