पलामू: जिला मुख्यालय स्थित मेदनीनगर सदर अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय में शुक्रवार की रात कार्यालय का ताला तोड़कर की गयी आगजनी मामले में पुलिस ने चैनपुर थाना क्षेत्र के अवसाने गांव के नयन चौधरी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. घटना शुक्रवार की देर रात में अंजाम दिया गया. लेकिन आगजनी का जो कारण बताया जा रहा है, वह हैरान करने वाला है.
आरोपी नयन चौधरी
आरोपी नयन चौधरी
पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक, गिरफ्तार नयन चौधरी विधानसभा चुनाव में अपना नामंकन रद्द होने के कारण आक्रोशित था. उसने डालटनगंज विधानसभा से चुनाव लड़ने के लिए सदर अनुमंडल कार्यालय में परचा भरा था. त्रुटि के कारण उसका नामांकन रद्द कर दिया गया था. नयन ने ही एसडीओ कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार, एसडीओ चेंबर और नजारत का ताला तोड़कर कागजातों को जलाया है.ये भी पढ़े: सरयू राय का गंभीर आरोप, महत्वपूर्ण फाइलें जला रहे हैं अधिकारी
घटना की रात सरकारी गार्ड का कार्यालय अथवा मौके पर मौजूद नहीं होना भी एक बड़ा सवाल खड़ा करता है. बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह जब गार्ड पहुंचा तो उसने ताला टूटा हुआ देखा. एसडीओ चेम्बर और नजारत में रखे कागजात जलाये गए थे. जब कर्मी ऑफिस पंहुचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई. फिर मौके पर एसडीओ सुरजीत सिंह पंहुचे. सदर एसडीपीओ संदीप गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की. पूरी घटनाक्रम की विवेचना कर नयन को गिरफ्तार किया गया और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
पुलिस और प्रशासनिक महकमा बता रहा है कि नयन ने शुक्रवार को दोपहर में भी एसडीओ कार्यालय पंहुच कर हंगामा किया था. उसने आग लगाने की धमकी भी दी थी. इधर, ग्रामीणों का कहना है कि नयन मानसिक रूप से संतुलित व्यक्ति नहीं है. गांव के आसपास का कोई उसकी बातों को गंभीरता से नहीं लेता. हांलाकि इस मामले में पुलिस गंभीरता से जांच करने की बात कह रही है.





No comments
New comments are not allowed.