रांची : झारखंड में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव में 20 सीटों पर मतदान संपन्न हो गया. नक्सल प्रभावित 18 सीटों पर सुबह 7 बजे से 3 बजे तक वोट डाले गये. जबकि जमशेदपुर पूर्वी और पश्चिमी सीट पर शाम 5 बजे तक मतदान हुआ. इन दोनों सीट पर वोटिंग प्रतिशत कम रहा. शाम 5 बजे तक सभी 20 सीटों पर कुल 62.40 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई. गुमला के सिसई विधानसभा क्षेत्र में बूथ नंबर 36 पर ग्रामीण और पुलिस के बीच झड़प में एक ग्रामीण की मौत हो गई. जिसके बाद चुनाव आयोग ने वहां मतदान को रद्द कर दिया. झड़प में थानेदार समेत कई पुलिस वाले भी घायल हो गये.
नक्सलियों के खौफ के चलते बूथों तक नहीं पहुंचे मतदाता
चाईबासा के मुफ्फसिल थानाक्षेत्र के जोजोहातू-अंजदबेडा गांव में माओवादियों ने मतदाताओं को ले जा रहे बस को आग के हवाले कर दिया. जिसके बाद जोजोहातू गांव के बूथ नंबर 84 और 85 पर लोग मतदान के लिए नहीं पहुंचे. खरसावां विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले नक्सल प्रभावित कुचाई प्रखंड के रोलाहातू पंचायत में पांच बूथों पर दोपहर एक बजे तक कोई वोटिंग नहीं हुई. एक बूथ में मात्र तीन प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. गोमियाडीह पंचायत के 3 बूथों में मात्र 2 प्रतिशत मतदान हुआ.इन दिग्गजों ने किया मतदान
दूसरे चरण में कई दिग्गजों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया. सीएम रघुवर दास जमशेदपुर के भालूवासा में बूथ नंबर 21 पर परिवार के साथ मतदान किया. मतदान के बाद उन्होंने कहा कि सूबे की जनता मजबूर नहीं मजबूत सरकार के लिए वोट कर रही है. केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने पत्नी के साथ खरसावां के खेलारी साईं स्थित बूथ-172 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया. जमशेदपुर के बिष्टुपुर में निर्दलीय प्रत्याशी सरयू राय ने केएमपीएम वोकेशनल काॅलेज सेंटर के बूथ संख्या- 155 पर जाकर मतदान किया. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने चक्रधरपुर में अपने पैतृक गांव टोकलो के बूथ नंबर 74 पर मतदान किया. मतदान के बाद उन्होंने कोल्हान के सभी 14 सीटों पर बीजेपी की जीत का दावा किया. विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने पत्नी के साथ सिसई विधानसभा के मुरगु गांव स्थित बूथ नंबर 69 पर मतदान किया. दिग्गजों के अलावा महिलाओं और बुजुर्गों ने भी मतदान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया.शाम 5 बजे तक मतदान
44-बहरागोड़ा-52.2%45-घाटशिला-49.9%
46-पोटका-48%
47-जुगसलाई -44.1%
48-जमशेदपुर (पूर्वी)-46.41%
49-जमशेदपुर (पश्चिमी)-43.22%
51-सरायकेला-60.05%
52-चाईबासा-65.09%
53-मझगांव-66.84%
54-जगन्नाथपुर-60.99%
55-मनोहरपुर-60.03%
56-चक्रधरपुर-65.61%
57-खरसावां-62.22%
58-तमाड़-68.11%
59-तोरपा-59.11%
60-खूंटी-63 %
66-मांडर-65.34%
67-सिसई-68.6%
70-सिमडेगा-62.07%
71-कोलेबिरा-46%
दूसरे चरण के चुनाव में मैदान में 260 प्रत्याशी
दूसरे चरण में कुल 48 लाख 25 हजार मतदाताओं ने 260 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला किया. इनमें कई दिग्गज भी शामिल हैं. मुख्यमंत्री रघुवर दास, बीजेपी के बागी सरयू राय, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, स्पीकर दिनेश उरांव, मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, पूर्व मंत्री राजा पीटर और पूर्व नक्सली कुंदन पाहन की किस्मत इस चरण में तय हो गई. कुल 260 प्रत्याशियों में 231 पुरुष और 29 महिला प्रत्याशी शामिल हैं.दूसरे चरण में बीजेपी के 20, कांग्रेस के छह, जेएमएम के 14 और झारखंड विकास मोर्चा (जेवीएम) के 20 प्रत्याशी मैदान में थे. इसके अलावा अन्य प्रमुख दलों में बीएसपी के 14, सीपीएम और सीपीआई के तीन, एनसीपी का एक, तृणमूल कांग्रेस के छह और 73 निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी चुनावी मुकाबला आजमाया.


