लेटेस्ट

Latest

आयुक्त ने की अंर्तराजीय समन्वय बैठक, विधानसभा चुनाव को लेकर अराजक तत्वों पर रखें कड़ी नजर: आयुक्त

Commissioner holds inter-state coordination meeting. keep a close watch on chaotic elements for assembly elections: Commissioner

04 November 2019

/ by Uday Bharat
पलामू : पलामू के प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार झा ने पलामू प्रमंडल एवं छत्तीसगढ़ के बलरामपुर व उत्तरप्रदेश के सोनभद्र तथा बिहार के औरंगाबाद एवं रोहतास जिले के जिलाधिकारियों/ उपायुक्तों, आरक्षी अधीक्षकों से कहा कि निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए सभी का समन्वय नितांत आवश्यक है. पड़ोसी राज्यों के सीमावर्ती जिलों के प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी 24 घंटे आपसी संपर्क में रहें एवं अराजक तत्वों को किसी भी परिस्थिति में चुनाव प्रक्रिया पर हावी नहीं होने दें. वे ध्यान रखें किसी भी प्रकार से चुनाव में गड़बड़ी करने वाले तत्व उनके क्षेत्रों में प्रभावी नहीं रहे और वे वैसा नहीं कर सके जैसा कि अपराध करने के बाद वे पड़ोसी सीमावर्ती जिलों में शरण ले ले. आयुक्त 4 नवंबर 2019 को अपने कार्यालय सभागार में अंर्तराजीय समन्वय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे.


आयुक्त ने अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और वाहनों की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वाहनों के लिए सीमावर्ती राज्य और जिलों से सहयोग लेने की अपील की. सीमावर्ती राज्य के बॉर्डर क्षेत्र में चेकनाका लगाकर अपराधी/ अराजक तत्वों को पकड़ने संबंधित कार्रवाई सुनिश्चित करने एवं अपराधियों का दबदबा वाले क्षेत्रों में संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाने की बात कही.

उन्होंने उत्तरप्रदेश, बिहार एवं छत्तीसगढ़ की सीमाओं पर चेकनाका लगाने का निर्देश दिया,  मगर जन सामान्य को आवागमन में कोई असुविधा नहीं हो, इसका भी ध्यान रखने की बातें कही. आयुक्त ने  नक्सली क्षेत्रों में विशेष नजर रखने की भी बात कही. उन्होंने कहा कि चुनाव बहिष्कार या मतदान नहीं करने से संबंधित बातें सामने आती है तो उसपर तत्काल कार्रवाई करने की आवश्यकता है. चुनाव के समय अराजक तत्व अपनी उपस्थिति दिखाने की कोशिश करते हैं, इसलिए घटनाओं को अंजाम देते हैं. पलामू प्रमंडल के जिले और उसके सीमावर्ती जिला के जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन सहयोगात्मक रूप से कार्य करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराना सुनिश्चित करने पर बल दिया.


आयुक्त ने कहा कि सफलतापूर्वक चुनाव संपन्न कराने के लिए सजगता के साथ समन्वय जरूरी है. शांतिपूर्ण चुनाव कराना हमसबों का मुख्य उद्देश्य है. बैठक में निर्वाचन से संबंधित अन्य मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.

बैठक में पलामू के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि, पलामू पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा, एडिशनल एसपी अभियान अरूण कुमार सिंह, डीएसपी एडमिन डीआईजी ऑफिस पलामू राहुल देव बड़ाईक, एसडीपीओ छतरपुर, पलामू शंभू कुमार सिंह, गढ़वा उपायुक्त  हर्ष मंगला, गढ़वा एसडीपीओ बहमन तुरी, एडिशनल एसपी ऑपरेशन सोनभद्र उत्तरप्रदेश अभय नाथ त्रिपाठी, छतीसगढ़ के बलरामपुर जिले के डीएसपी नक्शल डीके सिंह, बिहार के औरंगाबाद के डीएम राहुल आर. महिवाल, पुलिस अधीक्षक दीपक वर्णवाल आदि उपस्थित  थे.
Don't Miss
© all rights reserved
made with by templateszoo