Showing posts with label अपराध. Show all posts
Showing posts with label अपराध. Show all posts

पलामू में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक को लगी गोली, पुलिस जांच में जुटी

No comments

26 August 2026


पलामू। टाउन थाना क्षेत्र के जेल हाता इलाके में मंगलवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक को गोली लगने का मामला सामने आया है. गोली युवक के पेट में लगी है. घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

घायल युवक की पहचान जितेंद्र कुमार पासवान के रूप में हुई है. वह लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. जितेंद्र बैरिया चौक के पास एक आर्किटेक्ट के यहां काम करता है.

गोली कैसे लगी, युवक को भी नहीं पता

पुलिस के अनुसार, युवक को मंगलवार की शाम करीब 8:30 बजे गोली लगी, जबकि उसे अस्पताल में रात करीब 9:30 बजे के बाद भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटना के समय और अस्पताल पहुंचने में हुई देरी को लेकर मामले को संदिग्ध माना है.

युवक ने पुलिस को बताया कि जेल हाता चौक के पास अचानक उसके पेट से खून निकलने लगा. इसके बाद उसे गोली लगने का एहसास हुआ. गोली कैसे लगी, इस बारे में उसे स्पष्ट जानकारी नहीं है.

पुलिस सभी बिंदुओं पर कर रही जांच

सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. वहीं, टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि गोली लगने के करीब एक घंटे बाद युवक अस्पताल पहुंचा, जबकि उसका घर अस्पताल से करीब 400 मीटर और कथित घटनास्थल से कुछ ही मिनट की दूरी पर है.

पुलिस अधिकारी के मुताबिक घटना को लेकर सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक को गोली किन परिस्थितियों में लगी और घटना के पीछे क्या कारण है.

इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद युवक के परिजन और शुभचिंतक भी अस्पताल पहुंच गए. पुलिस मामले की जांच के साथ घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों को खंगाल रही है.

Don't Miss
© all rights reserved
made with by templateszoo