पलामू। झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की रांची में हुई बैठक में पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 100 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई. पलामू प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल ने बैठक में प्रमंडल और आसपास के जिलों की प्रमुख औद्योगिक एवं विकास संबंधी समस्याओं को रखते हुए सरकार से ठोस पहल की मांग की.
अमित जायसवाल ने खासमहल भूमि के नवीनीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि जमीन का नवीनीकरण नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में भवन जर्जर हो रहे हैं. वहीं नए व्यावसायिक भवनों का निर्माण भी प्रभावित हो रहा है, जिससे शहरों के विकास पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है.
उन्होंने लातेहार और चतरा में टमाटर प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करने की मांग की. उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर टमाटर की खेती होती है, लेकिन कई बार बाजार में कीमत इतनी कम हो जाती है कि किसानों के लिए फसल को मंडी तक पहुंचाने का खर्च भी निकालना मुश्किल हो जाता है. ऐसी स्थिति में किसान टमाटर को खेत में ही छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं। स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण उद्योग स्थापित होने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर बाजार मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे.
बैठक में मंडल डैम में गेट लगाने के कार्य में तेजी, क्षेत्र में उपलब्ध बांस से कुटीर उद्योग विकसित करने तथा लातेहार में पूर्व में हिंडाल्को द्वारा शुरू किए जा रहे बॉक्साइट खनन कार्य को फिर से शुरू कराने समेत अन्य मांगें भी रखी गईं.
अमित जायसवाल ने कहा कि पलामू प्रमंडल में उपलब्ध प्राकृतिक एवं कृषि संसाधनों के आधार पर उद्योग विकसित किए जाएं तो स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
अमित जायसवाल को मिला जीत का प्रमाण पत्र
रांची में चैंबर की बैठक के बाद चैंबर भवन में पलामू प्रमंडल के नवनिर्वाचित क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल को जीत का प्रमाण पत्र दिया गया.चैंबर के प्रदेश अध्यक्ष अंचल किंगर और उपाध्यक्ष पवन शर्मा ने उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा.
अमित कुमार जायसवाल ने चुनाव में 29 मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी. प्रमाण पत्र दिए जाने के दौरान चैंबर के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे.

No comments
New comments are not allowed.