मेदिनीनगर | Uday Bharat
पर्यावरण धर्म एवं वन राखी मूवमेंट के स्वर्ण जयंती अभियान के तहत पर्यावरणविद् एवं वन राखी मूवमेंट के प्रणेता डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने शुक्रवार को रांची स्थित राजभवन में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने जगन्नाथ पूजा के अवसर पर राज्यपाल को थाईलैंड प्रजाति के जामुन का पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
डॉ. जायसवाल ने बताया कि थाईलैंड प्रजाति का यह जामुन अपने बड़े आकार के लिए जाना जाता है. इस प्रजाति के करीब 10 फलों का कुल वजन लगभग एक किलोग्राम तक होता है.
उन्होंने बताया कि वर्ष 1966 से संचालित "जंगल लगाओ, जंगल बचाओ" अभियान के 60 वर्ष तथा पर्यावरण धर्म एवं वन राखी मूवमेंट के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में उन्होंने राज्यपाल को पलामू जिले के छतरपुर प्रखंड स्थित डाली के कौशल नगर आने का निमंत्रण दिया.
मुलाकात के दौरान डॉ. जायसवाल ने राज्यपाल को जानकारी दी कि कौशल नगर स्थित मोहनलाल खुर्जा-पार्वती देवी पार्क एवं जैविक उद्यान में 12 फरवरी 2026 को विश्व के प्रथम पर्यावरण धर्म ज्ञान वृक्ष देव मंदिर का उद्घाटन अमेरिका और कर्नाटक से आए पर्यावरणविदों की उपस्थिति में किया गया था. पार्क में 22 देशों से लाए गए 272 प्रजातियों के दुर्लभ पौधे लगाए गए हैं, जिससे यह स्थल पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है.
डॉ. जायसवाल ने राज्यपाल से पार्क एवं पर्यावरण धर्म ज्ञान वृक्ष देव मंदिर का अवलोकन करने तथा प्रस्तावित पौधा वितरण शिविर का उद्घाटन करने के लिए कौशल नगर आने का आग्रह किया. इस पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में डॉ. कौशल किशोर जायसवाल द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की.

No comments
New comments are not allowed.