डालटनगंज। पर्यावरणविद एवं वन राखी मूवमेंट के जनक डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने शुक्रवार को अपने पुत्र सह छत्तरपुर पूर्वी के जिला परिषद सदस्य अमित कुमार जायसवाल के साथ डालटनगंज सर्किट हाउस में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी से औपचारिक मुलाकात की. इस दौरान डॉ. कौशल ने पर्यावरण धर्म के तहत उन्हें कर्नाटक का चंदन का पौधा भेंट किया.
मुलाकात के दौरान डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं रहना चाहिए. पेड़-पौधों के संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि पर्यावरण धर्म के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाने और संरक्षण के लिए जागरूक करने का प्रयास लगातार किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों और वन संपदा का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है. इसके लिए समाज के हर वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी.
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री सह तिरंगा यात्रा अभियान के प्रदेश प्रभारी मनोज कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित कुमार तिवारी, पांकी विधायक शशिभूषण मेहता, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र पांडेय, प्रभात भुइयां, सुमित कुमार समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे.

No comments
New comments are not allowed.