नई दिल्ली : कोरोना वायरस संक्रमण के 63 नए मामले सामने आने के बाद शुक्रवार की शाम को देश में इस संक्रमण के कुल मामले भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार बढ़कर 236 हो गए जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का आंकड़ा 223 है. इस बीच दिल्ली और महाराष्ट्र सरकारों ने कोविड-19 बीमारी की रोकथाम के लिए सार्वजनिक स्थानों को बंद करने की घोषणा की. आईसीएमआर ने कहा, '14,514 व्यक्तियों के कुल 15,404 नमूनों का सार्स कोवी 2 को लेकर 20 मार्च शाम 6 बजे परीक्षण किया गया. अब तक संदिग्ध मामलों से कुल 236 मामलों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है.'
प्रधानमंत्री की राज्यों के साथ बातचीत
राष्ट्र के नाम संबोधन के दौरान लोगों से घरों के अंदर ही रहने और अत्यावश्यक होने पर ही बाहर जाने का आह्वान करने के अगले दिन शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉल की और इस महामारी के रोकथाम के उपायों पर चर्चा की. मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना वायरस से संक्रमितों में 32 विदेशी हैं, जिनमें 17 इतालवी, तीन फिलीपीन के, दो ब्रिटेन और एक-एक कनाडा, इंडोनेशिया और सिंगापुर का निवासी है. इनमें अब तक दिल्ली, कर्नाटक, पंजाब और महाराष्ट्र में हुई चार मौतें भी शामिल हैं.
इसे भी पढ़े : निर्भया केस : चारों दोषियों के आखिरी आधे घंटे, जानिए बंद तिहाड़ में क्या हुआ
दुनियाभर में ढाई लाख से अधिक संक्रमण
दुनियाभर में कोरोना वायरस के 2.5 लाख से अधिक मामले सामने आए हैं. न्यूज एजेंसी एएफपी ने आधिकारिक सूत्रों के आधार पर शुक्रवार को यह आंकड़ा दिया. दुनिया के 163 देशों से इस रोग के कम से कम 2,56,296 मामले सामने आए और 11,015 मरीजों की मौत हो गई. यह वायरस सबसे पहले चीन में दिसंबर में सामने आया जहां उसने 80,976 लोगों को संक्रमित किया और 3,248 मरीजों की जान ले ली. इस रोग से सबसे ज्यादा 4,032 मौतें इटली में हुई हैं और उसके 47,021 मामले सामने आए. जांच परीक्षण के आधार पर सामने आए ये आंकड़े संक्रमण के वास्तविक आंकड़े का महज एक अंश हो सकते हैं क्योंकि कई देश बस बहुत गंभीर लक्षण वालों की ही जांच कर रहे हैं.

