रांची. झारखंड में होली की मस्ती में बारिश खलल डाल सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक 10 से लेकर 14 मार्च तक बारिश होने का अनुमान है. यही नहीं, विभाग ने 10 और 11 मार्च के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दो दिन में राज्य में 15 से लेकर 64 मिमी तक बारिश हो सकती है. जबकि इस दौरान हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. ऐसा वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते होने का अनुमान है.
रांची केन्द्र के मौसम वैज्ञानिक एसके मंडल ने बताया कि 10 मार्च को रांची सहित राज्य के पश्चिमी जिले पलामू, गढ़वा, सिमडेगा, गुमला में बारिश हो सकती है. अन्य जिलों में भी वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर दिख सकता है. 14 मार्च के बाद मौसम साफ होने का अनुमान है.
इसे भी पढ़े: जेडीयू नेता की बेटी ने खुद को CM कैंडिडेट बताकर अखबारों में दिया विज्ञापन
सबसे अधिक 72 मिमी बारिश गिरिडीह में
मौसम विभाग के अनुसार रांची में बीते शुक्रवार और शनिवार को मिलाकर करीब 16 मिमी बारिश हुई. सबसे अधिक 72 मिमी बारिश गिरिडीह जिले के मैथन में हुई. वहीं जमशेदपुर में करीब 25 मिमी, डालटनगंज में 36 मिमी, बोकारो में 16 मिमी तथा चाईबासा में 17 मिमी के आसपास बारिश हुई.
बारिश के कारण मार्च के पहले सप्ताह में लोगों ने ठंड का एहसास किया. राज्य का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे गिरा रहा. बोकारो का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया. जबकि राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

