रांची : हेमंत सोरेन सरकार विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने की तैयारी में जुट गई है. इस साल करीब एक लाख पदों को भरने की योजना है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभागों में खाली पड़े पदों के आंकड़ें जुटाए जा रहे हैं. जिसके बाद इन रिक्तियों की जानकारी जेपीएससी और जेएसएससी को दी जाएगी. फिलहाल सभी विभागों को मिलाकर स्वीकृत पदों की संख्या 2 लाख 68 हजार 832 है. इसमें 1 लाख 91 हजार 689 पदों पर ही अधिकारी और कर्मचारी कार्यरत हैं.
कई विभागों ने कार्मिक विभाग को पद सृजन का भी प्रस्ताव सौंपा है. लेकिन प्रस्ताव में मौलिक तथ्यों के अभाव के कारण मामला अधर में लटका हुआ है. कई प्रस्तावों में एकरूपता का भी अभाव पाया गया है. पिछले वर्ष 33 विभागों के 3359 कर्मचारी रिटायर हो गये. ऐसे में कर्मचारियों की कमी के कारण कामकाज प्रभावित हो रहे हैं. फाइलें अधिक दिनों तक लंबित रहती हैं.
राजस्व स्रोतों से जुड़े विभागों में कर्मचारियों का घोर अभाव
आंकड़ों के अनुसार, राजस्व स्रोतों से जुड़े विभागों में कर्मचारियों का घोर अभाव है. राज्य के सबसे बड़े राजस्व स्रोत वाले वाणिज्यकर विभाग में 48.11 फीसदी कर्मचारी कम है. वहीं उत्पाद विभाग में भी 74 फीसदी कर्मचारियों की कमी है. शिक्षा विभाग में भी अधिकारियों की कमी का रोना है.
शिक्षा सचिव एपी सिंह का कहना है कि शिक्षा विभाग में शिक्षक से लेकर अधिकारी तक के पद खाली हैं. विभाग में क्लास टू स्तर के अधिकारी से लेकर पीजीटी शिक्षकों की भर्ती की जाएगी.
विभागवार रिक्तियां
कृषि- 2688, पशुपालन-997, भवन निर्माण-715, कैबिनेट- 121, राज्यपाल सचिवालय- 6, निर्वाचन- 41, सहकारिता- 120, ऊर्जा- 53, उत्पाद- 522, वित्त- 722, राष्ट्रीय बचत- 75, वाणिज्यकर- 286,खाद्य आपूर्ति- 109, वन एवं पर्यावरण- 3086, स्वास्थ्य- 9380, गृह विभाग- 20224, उद्योग- 1060, सूचना जनसंपर्क- 704, सांस्थिक वित्त-36, श्रम- 1185, विधि-1610, खान- 476, कार्मिक- 106, जेपीएससी- 68, संसदीय कार्य- 22, योजना- 248, कार्मिक राजभाषा- 209, पेयजल- 779, राजस्व- 1271, पथ विभाग- 765, ग्रामीण विकास- 3498, विज्ञान प्रौद्योगिकी- 733, शिक्षा- 18357, पर्यटन- 101, नगर विकास- 47, जलसंसाधन- 3227, लघु सिंचाई- 657, कल्याण- 1267, खेलकूद विभाग- 141
इसे भी पढ़े: दोस्त के साथ घूमने निकली युवती के साथ सामूहिक बलात्कार, चार आरोपी गिरफ्तार
जल्द भेजी जाएगी जेपीएससी-जेएसएससी को अधियाचना
सरकार के ताजा निर्देश के बाद सभी विभाग नियुक्तियों को लेकर सक्रिय हो गये हैं. रिक्तियों का आकलन पूरा होने के बाद जेपीएससी और जेएसएससी को अधियाचना भेजी जाएगी. जेपीएससी और जेएसएससी को सभी लंबित परीक्षाओं को जल्द आयोजित कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है. इसके तहत ग्रेड-2 और ग्रेड-3 के विभिन्न पदों के साथ-साथ शिक्षक नियुक्ति के लिए टेट परीक्षा जल्द आयोजित करने को कहा गया है.

