नासिक: महाराष्ट्र के नासिक में मंगलवार को एक भीषण हादसे में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई. एक बस और ऑटो रिक्शा में टक्कर हुई और दोनों ही गाड़ियां सड़क के पास बने एक गहरे कुएं में समा गईं. इस हादसे में मृत लोगों के शवों को बाहर निकाला गया है. अबतक 20 लोगों की मौत हो चुकी है और 18 अन्य घायलों को बचा लिया गया है. कुछ लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. घटना पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकर ने दुख जताया है और पीड़ितों को हर मदद का आश्वासन दिया है. वहीं, परिवहन मंत्री ने मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये मुआवजा और घायलों को फ्री इलाज का ऐलान किया है.
नासिक जिले के देवला इलाके में मंगलवार को एक बस, सामने से आ रहे एक ऑटो रिक्शा से टकरा गई. हादसे के बाद दोनों ही गाड़ियां अनियंत्रित होकर पास में बने एक गहरे कुएं में गिर गईं. इस हादसे में बस सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में घायल कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने राहत टीमों के साथ बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया.
कई लोगों के मरने की आशंका
नासिक जिले की एसपी (ग्रामीण) आरती सिंह ने बताया कि हादसे में मृत 20 लोगों के शव अब तक बरामद हुए हैं. इसके अलावा 18 लोगों को गंभीर रूप से घायल होने के बाद स्थानीय अस्पताल में शिफ्ट किया गया है. एसपी का कहना है कि बस में कितने लोग सवार थे, अब तक इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है. साथ ही कुछ और लोगों के हादसे में मारे जाने की आशंका पर यहां एक बड़ा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, मौके पर स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं. साथ ही स्वास्थ्य विभागों की टीमों को भी यहां लगाया गया है. हादसे में घायल लोगों के इलाज के लिए अधिकारियों ने डॉक्टरों को हर संभव इंतजाम करने के निर्देश जारी किए हैं.
इसे भी पढ़े: निर्भया कांड : आज आएगा SC का फैसला, कल पवन जल्लाद
परिवहन मंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री अनिल परब ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये देने का ऐलान किया है. साथ ही बताया है कि सभी घायलों को फ्री में इलाज मिलेगा. घटना पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने घटना पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने प्रशासन से मेडिकल सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा है. साथ ही, राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए एनडीआरएफ की मदद मांगी है. पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों से संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है.

