रांची: झारखंड में विधानसभा चुनाव में गठबंधन की जीत के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष और गठबंधन के नेता हेमंत सोरेन ने 29 दिसंबर को शपथ ग्रहण करेंगे. कहा जा रहा था कि कांग्रेस ने राज्य में डिप्टी सीएम पद की मांग की है. लेकिन झारखंड कांग्रेस के पर्यवेक्षक टीएस सिंहदेव ने साफ कर दिया कि कांग्रेस की तरफ से कोई भी डिप्टी सीएम नहीं होगा.
टीएस सिंहदेव ने कहा कि अभी तक उप-मुख्यमंत्री को लेकर कोई बात नहीं हुई है. अगर इस बारे में किसी ने कुछ कहा है तो वो उसकी निजी राय हो सकती है.
ये भी पढ़े: झारखंड की सबसे कम उम्र की MLA, मां तड़ीपार, बाप जेल में फिर भी जनता ने लगा दी जीत की मुहर
दरअसल कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इरफान अंसारी ने डिप्टी सीएम पद पर दावा ठोका था. डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि झारखंड में उपमुख्यमंत्री कांग्रेस का बनें. उन्होंने कहा कि मेरे कार्यकारी अध्यक्ष बनने से अंसारी वर्ग का वोट एकमुश्त कांग्रेस को मिला. अंसारी ने कहा कि कांग्रेस के बेहतरीन प्रदर्शन में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और आरपीएन सिंह की भूमिका अहम रही.
29 दिसंबर को होगा शपथग्रहण समारोह
इससे पहले हेमंत सोरेन ने मंगलवार रात को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया. इस दौरान हेमंत सोरेन के साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और पिता शिबू सोरेन भी मौजूद रहे थे. राजभवन से बाहर निकले हेमंत सोरेन ने मीडिया से बात करते हुए बताया था कि वो 29 दिसबंर को शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण दोपहर एक बजे मोरहाबादी मैदान में होगा. हेमंत सोरेन ने 50 विधायकों का समर्थन होने का दावा पेश किया.
जेएमएम की अगुवाई वाले गठबंधन को मिला बहुमत
बता दें, झारखंड विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा की अगुआई वाले गठबंधन को स्पष्ट जनादेश मिला. गठबंधन ने 47 सीटों पर जीत दर्ज की. इसमें जेएमएम के खाते में 30, कांग्रेस को 16 और आरजेडी को एक सीट पर विजय प्राप्त हुई. वहीं, अकेले चुनाव लड़ी बीजेपी 25 सीटों पर सिमट गई, जबकि जेवीएम को 3 और आजसू के खाते में दो सीटें गईं. इनके अलावा सीपीआईएमएल और एनसीपी के खाते में एक-एक सीट गई.

