लेटेस्ट

Latest

झारखंड: मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे हेमंत सोरेन

Jharkhand: Hemant Soren will take oath as Chief Minister

29 December 2019

/ by Uday Bharat

रांची: झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 दिसंबर (रविवार) को दोपहर 2 बजे मोरहाबादी मैदान में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे. इस कार्यक्रम के दौरान विपक्षी नेताओं का जमावड़ा लग सकता है. हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शनिवार को ही रांची पहुंच गईं. यहां पर उन्होंने सोरेन को नई जिम्मेदारी के लिए पूरे पश्चिम बंगाल की ओर से शुभकामनाएं भी दीं। विपक्षी नेताओं के अलावा पूर्व राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी भी हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण में आएंगे. हेमंत को दिए आमंत्रण के अनुसार राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू हेमंत सोरेन को रविवार को दोपहर 2 बजे स्थानीय मोरहाबादी मैदान में आयोजित एक समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी.



इससे पहले झारखंड विधानसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन के नेता सोरेन ने अपने सहयोगी दलों कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेताओं और विधायकों के साथ 24 दिसंबर की रात राज्यपाल से मुलाकात कर 50 विधायकों के समर्थन से राज्य में अपनी सरकार के गठन का दावा पेश किया था. ये भी पढ़े: झारखंड विधानसभा में आधे विधायक आरोपी, 41 MLA पर है मुकदमा

शपथग्रहण में दिख सकते हैं ये चेहरे
माना जा रहा है कि हेमंत सोरेन के शपथग्रहण समारोह में जिन लोगों ने औपचारिक सहमति दे दी है उनमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, एसपी अध्‍यक्ष अखिलेश यादव, बीएसपी सुप्रीमो मायावती, एनसीपी अध्‍यक्ष शरद पवार, डीएमके चीफ स्टालिन के अलावा महाराष्ट्र के मुख्‍यमंत्री उद्धव ठाकरे के अतिरिक्‍त कांग्रेस शासित राज्यों मध्य प्रदेश के सीएम कमलनाथ, राजस्थान के मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल भी शामिल हैं. इनके अलावा युवा नेता हार्दिक पटेल, कन्हैया कुमार के अलावा कई समाजसेवी भी शपथ ग्रहण समारोह में दिखेंगे.

रघुबर दास भी होंगे शामिल
झारखंड के कार्यवाहक मुख्यमंत्री रघुबर दास राज्य के नामित मुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के 29 दिसंबर को निर्धारित शपथग्रहण समारोह में शामिल होंगे. कार्यवाहक मुख्यमंत्री रघुबर दास की ओर से इस बात की जानकारी दी गई है. बताया गया है, ‘नामित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री रघुबर दास को फोन करके अपने शपथग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया. रघुबर दास 29 दिसंबर को सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे.’

इन लोगों को भी भेजा गया है न्योता
शपथ ग्रहण समारोह में प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा सहित कई बड़े नामों के भी शामिल होने की उम्मीद है. हेमंत सोरेन के करीबियों के अनुसार, इसमें कई बड़े उद्योगपति ने आने की सूचना दे दी है. इसके अलावा हेमंत सोरेन ऐसे आदिवासियों को भी शपथ ग्रहण समारोह में बुला रहे हैं जिन्होंने देश में किसी भी क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया हो. हेमंत सोरेन मौजूदा समय में देश के अकेले आदिवासी सीएम होंगे.

बिना शर्त समर्थन का ऐलान
झारखंड में हुए विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को जहां सिर्फ 25 सीटें मिलीं वहीं गठबंधन को कुल 47 सीटें मिलीं, जिसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा को 30, कांग्रेस को 16 और आरजेडी को एक सीट हासिल हुई. इसके अलावा बीजेपी की सहयोगी रही सुदेश महतो की आजसू को दो सीटें मिलीं जबकि, बाबूलाल मरांडी की झारखंड विकास मोर्चा को तीन सीटें और अन्य को चार सीटें प्राप्त हुईं. विपक्षी गठबंधन को तीन विधायकों वाली बाबूलाल मरांडी की जेवीएम ने भी बिना शर्त सरकार से बाहर रहते हुए समर्थन देने की घोषणा की है.
Don't Miss
© all rights reserved
made with by templateszoo