रांची: झारखंड में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं. इस बीच कई जगहों से ईवीएम में खराबी और बिजली नहीं होने की शिकायत सामने आई है. जमशेदपुर पूर्वी सीट के भालुबासा मतदान केंद्र के 21 नंबर बूथ पर ईवीएम में तकनीकी खराबी की वजह से मतदान शुरू नहीं हो पाया है. मतदानकर्मी ईवीएम को दुरुस्त करने में लगे हुए हैं. वहीं मतदाताओं की बूथ पर लंबी कतार लगी हुई है. मुख्यमंत्री रघुवर दास को भी इसी बूथ पर मतदान करना है.
उधर, सिमडेगा के मतदान केंद्र संख्या 125 और 126 पर बिजली नहीं होने के कारण अंधेरे में मतदान हो रहा है. खूंटी टोली स्थित इस स्कूल में निर्वाचनकर्मी बेहद ही परेशान हैं. वहीं जिला प्रशासन के द्वारा बिजली की व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण आम मतदाताओं को भी खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालत यह है कि मोबाइल टॉर्च जलाकर यहां वोटिंग का काम हो रहा है. सिमडेगा के ठाकुर टोली में बूथ न. 158 में ईवीएम खराब होने के कारण मतदान शुरू नहीं हो पाया है. केरसई प्रखंड के करम टोली बूथ नंबर 240 पर भी ईवीएम में खराबी के चलते मतदान रूका हुआ है. कोलेबिरा में 71 नंबर बूथ और 84 का भी ईवीएम खराब है. गांगूटोली के ये बूथ हैं.

