लेटेस्ट

Latest

झारखण्ड चुनाव: पलामू के पांच विधानसभा क्षेत्र के लिए मतगणना 23 को, प्रातः 8 बजे से होगी मतगणना

jharkhand election: Counting of votes for the five constituencies of Palamu will be held on 23rd, from 8 am

18 December 2019

/ by Uday Bharat

पलामू:  जिले के पांच विधानसभा 75-पांकी, 76-डालटनगंज, 77-विश्रामपुर, 78-छतरपुर (अ0जा0) एवं 79-हुसैनाबाद के लिए मतगणना 23 दिसंबर 2019 को होगी. कृषि बाजार समिति बैरिया स्थित मतगणना केंद्र पर मतगणना प्रातः 8 बजे से होगी. मतगणना को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारी की गई है. इसकी जानकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- उपायुक्त डॉ0 शांतनु कुमार अग्रहरि ने दी. वे 18 दिसंबर 2019 को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 20 से 21 राउंट में मतगणना पूर्ण होगी. मतगणना हेतु डालटनगंज विधानसभा के लिए 21 टेबल बनाये गये हैं. जबकि पांकी, विश्रामपुर, छतरपुर व हुसैनाबाद के लिए 17-17 टेबल बनाये गये हैं. प्रत्येक टेबल पर तीन कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है, जिसमें एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक मतगणना सहायक एवं एक मतगणना माइक्रो ऑर्ब्जवर शामिल हैं. मतगणना पदाधिकारी एवं कर्मियों को प्रातः 6 बजे मतगणना कक्ष में पहुंचने का निर्देश दिया गया है, ताकि निर्धारित समय पर मतगणना प्रारंभ किया जा सके. सबसे पहले पोस्टल बैलेट की मतगणना होगी. उन्होंने कहा कि मतगणना स्थल पर कोई भी कर्मी मोबाइल फोन या इलेक्ट्रॉनिक गजट लेकर नहीं आएंगे. इससे संबंधित निर्देश सभी कर्मियों को दिया गया है. जाने-अनजाने मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन या इलेक्ट्रॉनिक गजट लाने की स्थिति में मतगणना स्थल पर ही रखवाने की व्यवस्था की गयी है.


जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- उपायुक्त ने कहा कि सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गणना होगी. पोस्टल बैलेट दो तरह से प्राप्त हो रहे हैं. इसमें सर्विस वोटरों का पोस्टल बैलेट डाक द्वारा प्राप्त हो रहा है. 23 दिसंबर 2019 को प्रातः 8 बजे तक प्राप्त पोस्टल बैलेट को मतगणना में शामिल किया जायेगा. पोस्टल बैलेट का प्री-स्कैनिंग होगी, इसके बाद आरओ टेबल पर उसकी गणना होगी. आरओ टेबल पर प्रत्याशी या उनके चुनाव एजेंट दोनों में से एक ही व्यक्ति उपस्थित रह सकेंगे.

सुरक्षा के चाक-चौबंध व्यवस्था

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विधानसभावार मतगणना कक्ष बनाया गया है. सीसीटीवी कैमरे से वज्रगृह पर नजर रखी जा रही है. वहीं सुरक्षा के चाक-चौबंध व्यवस्था की गयी है. मतगणना के दिन शहर के संवेदनशील क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में भी मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस जवानों की तैनाती रहेगी. प्रत्येक गतिविधियों पर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी.

सुविधाओं से लैश होगा मीडिया सेंटर

 जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मीडियाकर्मियों के मीडिया सेंटर का निर्माण कराया गया है. यह सेंटर विशेष सुविधाओं से लैश होगा. इसमें टेलीविजन, कंप्यूटर, इंटरनेट की सुविधा दी जा रही है, ताकि मीडियाकर्मियों को समाचार प्रकाशन एवं प्रसारण में सुविधा हो.

मतगणना का पल-पल मिलेगा रूझान

मतगणना का रूझान आमजनों को पल-पल मिलता रहेगा. प्रत्येक राउंड की गिनती समाप्त होते ही माइक से एलाउंस किया जायेगा. साथ ही मतगणना कक्ष एवं मतगणना स्थल के मुख्य द्वार पर लगे ह्वाईट बोर्ड पर विधानसभावार रूझान अंकित किया जायेगा. ताकि प्रत्येक व्यक्तियों को अपडेट जानकारी मिलते रहेगी.

बदला जायेगा रूट

मतगणना के दिन बाजार समिति वाली मुख्य सड़क का रूट बदला जायेगा. सिंगरा-बिस्फुटा पुल की ओर से आने वाली बड़ी वाहनों को होटल चंद्रा के समीप सदर ब्लॉक के रास्ते बैरिया चौक निकाला जायेगा, जबकि रेडमा की ओर से बिस्फुटा-सिंगरा की ओर जाने वाली बड़ी वाहनों को बैरिया चौक से होटल क्राउन प्लाजा के समीप होकर सदर ब्लॉक के रास्ते मुख्य पथ की ओर आवागमन होगी. वहीं रेडमा से बिस्फुटा की ओर जाने वाली दो-पहिया व चारपहिया वाहन छहमुहान होकर निकलेगी। उसी तरह सिंगरा की ओर से आने वाली दो पहिया व चारपहिया वाहन बिस्फुटा होकर साहित्य समाज होते शहर में प्रवेश करेगी.
Don't Miss
© all rights reserved
made with by templateszoo