लखनऊ: नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर विरोध-प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया है. लखनऊ के कई इलाकों में हिंसा फैल गई है. उपद्रव के दौरान दो पुलिस चौकी भी जला दी गई जबकि बाहर खड़े वाहनों को फूंक दिया गया. प्रदर्शनकारियों ने लखनऊ के डालीगंज इलाके में भी जमकर उत्पात मचाया. इलाके में जमकर तोड़फोड़ हुई और वाहन भी जलाए गए. भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी बरसाए. उधर, पश्चिमी यूपी के संभल में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के बाद इंटरनेट बंद कर दिया गया.
लखनऊ के डालीगंज इलाके में नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने पथराव और तोड़फोड़ की. इससे पहले लखनऊ में एसपी और कांग्रेस के नेता विरोध प्रदर्शन करते हुए विधानसभा के मुख्य गेट पेर चढ़ गए. पुलिस को उन्हें वहां से हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. वहीं केडी सिंह बाबू मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया. हिंसक विरोध प्रदर्शन के दौरान लखनऊ के ठाकुरगंज में फायरिंग भी हुई है. हालांकि इसमें किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। लखनऊ में कई जगह हिंसा फैल गई है. ठाकुरगंज स्थित सतखंडा चौकी फूंकी गई. चौकी में खड़े वाहनों को भी फूंक दिया गया. मदेयगंज के बाद सतखंडा चौकी फूंकी गई.
नागरिकता कानून पर विरोध प्रदर्शन के चलते लखनऊ में जगह-जगह भीषण जाम लग गया है. प्रदर्शन के चलते हजरतगंज, निशातगंज पुल से लेकर परिवर्तन चौक, हनुमान सेतु तक भीषण जाम लगा हुआ है. भीषण जाम के चलते हजारों लोग फंसे हुए हैं. केडी सिंह बाबू स्टेडियम से डीएम आवास तक प्रदर्शनकारियों की भीड़ इकट्ठा हो गई है.

