बिहार(भोजपुर): जिला में अपराधियों ने एक बार फिर से कहर बरपाया है. बुधवार शाम ढलने के साथ ही अपराधियों ने एक घंटे के अंदर चार लोगों को गोली मारी जिसमें एक शख्स की मौत हो गई वहीं तीन बुरी तरह जख्मी हैं.
किसान नेता को किया गोलियों से छलनी
पहली घटना उदवंतनगर इलाके की है जहां एक शख्स को कालाबाजारी के खिलाफ आवाज उठाना महंगा पड़ गया. देर शाम बाजार से अपने घर लौट रहे किसानों के नेता के रूप में अपनी पहचान रखने वाले 50 वर्षीय व्यक्ति की मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हथियार बंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी है. मृतक उदवंतनगर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव निवासी कमलेश सिंह बताए जा रहे हैं. इस घटना को अपराधियों द्वारा मृतक के गांव श्रीरामपुर के पास स्थित रेलवे क्रासिंग से सटे अंजाम दिया गया. मामले की सूचना मिलते ही उदवंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच पूरे घटना की छानबीन में जुट गई.कालाबाजारी के खिलाफ आवाजा उठाना पड़ा भारी
फेसबुक पर लिखा था पोस्ट
उनके द्वारा अपने सोशल मीडिया के फेसबुक एकाउंट पर भी 19 दिसंबर को लिखा गया था कि कालाबाजारी करने वालों की खैर नहीं, मेरी निगाहें सभी जगहों पर रहेगी. अपराधियों ने कमलेश के शरीर में तकरीबन पांच गोलियां मार उन्हें मौत के घाट उतार दिया. सदर एसडीपीओ अम्बरीश राहुल ने बताया कि अज्ञात अपराधियों द्वारा एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. प्रथम दृष्टया मामला कालाबाजारी से जोड़ कर देखा जा रहा है. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की छानबीन कर रही है साथ ही अपराधियों की शिनाख्त कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश भी कर रही है.
तीन अन्य को भी मारी गोली
गोलीबारी की तीन अन्य घटनाएं जिले के इमादपुर थाना इलाके के मोआप कला गांव, तीयर थाना इलाके के कटाईबोझ गांव और बिहियां थाना के बिहियां-जगदीशपुर रोड की है. तीनों जख्मियों का इलाज किया जा रहा है.


