पलामू : चुनाव आयोग ने अभी विस चुनाव की तिथि घोषित भी नही की है. बावजूद बिश्रामपुर-मझिआंव विधानसभा क्षेत्र में राजनितिक सरगर्मी काफी तेज हो चुकी है. हर दल के संभावित प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय प्रत्यासी भी रेस हो चुके हैं. क्षेत्र में राजनितिक कार्यक्रमो की बाढ़ आ चुकी है. कोई परिवर्तन, कोई बदलाव तो कोई पदयात्र निकाल रहा है, तो कई जनसम्पर्क अभियान चलाये हुये हैं. सभी पार्टी के संभावित प्रत्यासी और निर्दलीय ताल ठोक रहे नेता पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुके हैं. जिसके चलते बिश्रामपुर में अभी से ही चुनावी माहौल बन गया है. हर पार्टी में टिकट के दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है. सभी का अपना-अपना दावा है.
राजद से ओम प्रकाश गुप्ता, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष नईमुदीन अंसारी व अधिवक्ता सुधीर सिंह पप्यू टिकट के मुख्य दावेदार हैं. बसपा से पूर्व प्रत्यासी अशर्फी चंद्रवंशी और राजन मेहता टिकट के प्रबल दावेदार हैं. वहीं जदयू से अनवर हुसैन अंसारी भी चुनावी समर में कूदने को बेताब हैं. पिछला चुनाव निर्दलीय लड़ चुके ब्रह्मदेव प्रसाद इस बार भी पुरे दम-खम के साथ मैदान में डटे हुये हैं. श्री प्रसाद जन आशीर्वाद महारैला के बहाने अपनी राजनीतिक ताकत भी दिखा चुके हैं.इसके अलावे समाजसेवी नरेश सिंह भी पिछले पांच सालों से क्षेत्र में लोगों के बीच रहे हैं. इनका भी चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है.चुनावी सरगर्मी के बीच भी क्षेत्र की जनता अभी वेट एंड वाच की राह पर चुप-चाप खड़ी है.


