गढ़वा : जिले के सिविल सर्जन डॉ एनके रजक के निर्देश पर अनुमंडल अस्पताल की डीएस डॉ सुचित्रा कुमारी ने पुलिस टीम के साथ बंशीधर नगर में चल रहे एबी क्लीनिक में छापेमारी कर क्लीनिक को सील कर दिया है. साथ ही उसके संचालक मंसूर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक एबी क्लीनिक विगत दो वर्षों से एबी हॉस्पिटल के नाम से संचालित किया जाता था. परंतु कागजी प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने के कारण संचालक के द्वारा अस्पताल का नाम एबी क्लीनिक बदल कर अस्पताल का संचालन किया जा रहा था.
सीएस डॉ एनके रजक के निर्देश पर शनिवार की रात करीब 9 बजे अस्पताल की डीएस डॉ सुचित्रा कुमारी एवं थाना प्रभारी पंकज तिवारी पुलिस बल के साथ एबी क्लीनिक पहुंचे तथा अस्पताल की जांच की. जांच के दौरान अस्पताल में भारी अनियमितता पायी गई. जो मरीजों के जान के साथ खिलवाड़ किये जाने के पुख्ता प्रमाण हैं. अस्पताल में फर्जी तरीके से मरीजों का इलाज एवं ऑपरेशन किया जाता था.
अस्पताल में ना तो डॉ थे न कुशल नर्स और न ही तो व्यवस्थित ऑपरेशन थियेटर था. फर्जी तरीके से क्लीनिक संचालित किया जा रहा था. अस्पताल में सीएफएल बल्ब के सहारे मरीजों का ऑपरेशन किया जाता था. अस्पताल में गरबान्ध गांव की एक महिला का ऑपरेशन से प्रसव कराया गया था.
जबकि उसके जांच रिपोर्ट में विडाल में इंफेक्शन के साथ साथ अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में 30 सप्ताह एक दिन का यानी साढ़े सात माह में ही ऑपरेशन से प्रसव कराया गया है. उन्होंने तत्काल उक्त मरीज को एम्बुलेंस से अनुमंडल अस्पताल भेजा. मरीज के अस्पताल भेजे जाने के बाद डीएस ने क्लीनिक को सील कर दिया.

