लेटेस्ट

Latest

गढ़वा में सड़क हादसे के पीछे हत्या की साजिश का खुलासा, पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

Murder plot behind Garhwa road accident revealed; three arrested, including the wife

30 August 2026

/ by Uday Bharat

रिर्पोट- संजय पांडे

गढ़वा। जिले के रंका थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के रूप में सामने आई एक घटना के पीछे कथित तौर पर सुनियोजित हत्या की साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, प्रेम संबंध में पति को बाधा मानते हुए उसकी हत्या की योजना बनाई गई थी. मामले में मृतक की पत्नी मनीषा, उसके कथित प्रेमी मोहम्मद हसन और पिकअप चालक परवेज अंसारी उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

पुलिस के मुताबिक, 5 जून को रंका-गोदरमाना मार्ग पर बरवाहा मोड़ के पास पिकअप की बाइक से जोरदार टक्कर में श्रीकांत रवि की मौत हो गई थी. शुरुआती तौर पर इसे सड़क दुर्घटना माना गया था. हालांकि, मृतक की मां की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की.

जांच में सामने आई कथित साजिश

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और टावर लोकेशन से कई अहम सुराग मिले. इसके आधार पर पुलिस ने दावा किया कि श्रीकांत की मौत सामान्य सड़क हादसा नहीं, बल्कि कथित तौर पर हत्या की साजिश का हिस्सा थी.

पुलिस का आरोप है कि पिकअप चालक परवेज अंसारी उर्फ पप्पू को श्रीकांत की हत्या के लिए एक लाख रुपये देने की बात सामने आई है. घटना के दौरान मोहम्मद हसन समेत उसके दो अन्य साथी भी घटनास्थल के आसपास मौजूद थे.

पत्नी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने मनीषा, मोहम्मद हसन और परवेज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

वहीं, इस मामले में नाम सामने आए इमरान अंसारी और असराज अंसारी अभी फरार हैं. दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

डीएसपी ने बताया सुनियोजित हत्या

डीएसपी रोहित रंजन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया सड़क हादसा नजर आ रही घटना की जांच के दौरान इसके पीछे सुनियोजित हत्या की साजिश सामने आई है. पुलिस तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है.

Next Story Older Post Home

No comments

Don't Miss
© all rights reserved
made with by templateszoo