चतरा। जिले के कोयलांचल इलाके में आतंक का पर्याय बने राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मंगलवार तड़के टंडवा-पिपरवार थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का एक अपराधी विकास कुमार पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया.
घायल विकास कुमार को तत्काल स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि कार्रवाई में टंडवा और पिपरवार थाना की संयुक्त पुलिस टीम शामिल थी. उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में कोयलांचल क्षेत्र में एक निजी कार्य एजेंसी के कार्यालय में हुई अंधाधुंध फायरिंग के बाद पुलिस राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों की तलाश में लगातार अभियान चला रही थी.
टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही थी. इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य टंडवा-पिपरवार सीमावर्ती क्षेत्र में छिपे हुए हैं.
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर अभियान शुरू किया। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई की. इसी दौरान विकास कुमार के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं, उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.
दो दिन पहले कंपनी कार्यालय में हुई थी फायरिंग
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व राहुल दुबे गिरोह के बाइक सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने चंद्रगुप्त कोल परियोजना स्थित सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय में घुसकर करीब 20 राउंड फायरिंग की थी. इस घटना में ड्यूटी पर तैनात एसआईएस प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया था.
वारदात के बाद अपराधियों ने मौके पर हस्तलिखित पर्चा छोड़कर घटना की जिम्मेदारी भी ली थी. इसके बाद से ही पुलिस गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चला रही थी.
फरार अपराधियों की तलाश में सर्च अभियान जारी
मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरीय अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं. एसपी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का उद्देश्य मौके से फरार हुए गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार करना है.
पुलिस की इस कार्रवाई को कोयलांचल क्षेत्र में सक्रिय राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है.

No comments
New comments are not allowed.