संजय पांडे | गढ़वा
गढ़वा जिला में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी ने लंबी रायशुमारी और गहन मंथन के बाद संतोष केशरी को नगर परिषद अध्यक्ष पद का उम्मीदवार घोषित किया है. उम्मीदवार की घोषणा होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला.
झामुमो ने उम्मीदवार चयन से पहले स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से व्यापक विचार-विमर्श किया. पार्टी नेतृत्व ने क्षेत्र में संतोष केशरी की लोकप्रियता, सामाजिक जुड़ाव और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया. रायशुमारी के दौरान यह सामने आया कि संतोष केशरी लगातार जनता के बीच सक्रिय रहे हैं और स्थानीय समस्याओं को मजबूती से उठाते रहे हैं.
उम्मीदवारी की घोषणा के बाद संतोष केशरी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झामुमो ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे. उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, सड़क, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाएं उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होंगी.
वहीं झामुमो नेताओं ने कहा कि पार्टी नगर निकाय चुनाव को पूरी गंभीरता से लड़ रही है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है. संतोष केशरी को उम्मीदवार बनाए जाने से पार्टी को चुनाव में मजबूती मिलने की उम्मीद है.
उम्मीदवार की घोषणा के बाद समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की और आगामी चुनाव में झामुमो की जीत का दावा किया. अब देखना यह होगा कि नगर निकाय चुनाव में जनता संतोष केशरी पर कितना भरोसा जताती है.
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments
New comments are not allowed.