रांची : झारखंड में राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है. प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को उम्मीदवार बनाया गया है. हाल में ही उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई. दीपक प्रकाश के अलावा इस रेस में पूर्व सीएम रघुवर दास और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवीन्द्र राय शामिल थे. लेकिन पार्टी आलाकमान ने दीपक प्रकाश के नाम पर मुहर लगाई है.
दूसरी सीट के लिए बीजेपी का पलड़ा भारी
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर 26 मार्च को चुनाव होना है. इनमें से एक सीट पर जेएमएन सुप्रीमो शिबू सोरेन की जीत तय मानी जा रही है. दूसरी सीट के लिए बीजेपी और कांग्रेस में टक्कर है. बीजेपी के पास 25 विधायक हैं. बाबूलाल मरांडी के शामिल होने के बाद यह आंकड़ा 26 पर पहुंच गया है. बीजेपी को आजसू के दो विधायकों का भी समर्थन मिल सकता है. हालांकि, आजसू ने अभी तक पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन दूसरी सीट के लिए बीजेपी का पलड़ा भारी दिख रहा है.
इसे भी पढ़े: झारखंड राज्यसभा चुनाव
कांग्रेस उम्मीदवार का अबतक ऐलान नहीं
26 मार्च को राज्यसभा चुनाव
झारखंड की दो सीट समेत देशभर की कुल 55 सीटों के लिए 26 मार्च को चुनाव होगा. चुनाव के नतीजे उसी दिन शाम को घोषित हो जाएंगे. चुनाव के लिए 6 मार्च से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया जारी है. यह 13 मार्च तक चलेगी. इसके बाद 16 मार्च को स्क्रूटनी होगी और 18 मार्च तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं. झारखंड में राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए एक उम्मीदवार को 27 वोटों की जरूरत होगी. जेएमएम के 29 विधायकों के वोट से शिबू सोरेन का तीसरी बार राज्यसभा जाना तय माना जा रहा है.बता दें कि 9 अप्रैल को राज्यसभा में झारखंड कोटे की दो सीटें रिक्त हो रही हैं. प्रेमचंद गुप्ता और परिमल नथवाणी का कार्यकाल खत्म हो रहा है.

