पलामू : उपायुक्त-सह- जिला दंडाधिकारी डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि की पहल से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा कोयल आजीविका अपैरल पार्क चैनपुर में सैनिटाइजर बनाने का कार्य शुरू किया जा चुका है.
जिले भर में सैनिटाइजर की कमी ना हो इसको देखते हुए उपायुक्त ने इस अनोखी पहल की शुरुआत की है. जिला प्रशासन के द्वारा उठाए गए इस कदम से जिले में सैनिटाइजर की कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सकेगी. इसके अलावा लोगों को एक जगह पर सैनिटाइजर भी उपलब्ध हो सकेगा. विकास आजीविका महिला ग्राम संगठन द्वारा निर्मित किए जा रहे सैनिटाइजर में डब्ल्यूएचओ के सभी मानकों का ध्यान रखा गया है.
ऐसे समय में जब पलामू जिले को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु सैनिटाइजर की जरूरत है उस वक्त एक बार फिर स्वयं सहायता समूह जिला प्रशासन की मदद को आगे आया है. पहले स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा स्टेरलाइज्ड, रियूजेबल तथा ऑटोक्लेव मास्क के निर्माण किया गया, अब स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सैनिटाइजर बनाने में जुटी हैं.
ज्ञात हो कि कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए जिले वासियों को सैनिटाइजर ना मिलने की शिकायत थी. उपायुक्त द्वारा उठाए गए इस कदम से जिलेभर में सैनिटाइजर की कमी को पूरा किया जा सकेगा. इसके अलावा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को देश हित के कार्य में जुड़ने से महिलाओं के बीच एक अलग ही उत्साह नजर आ रहा है.

