अयोध्या: अयोध्या की कांशीराम कॉलोनी में शुक्रवार देर शाम अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ कमरे में बैठा देखने पर बौखलाए पति ने प्रेमी के ऊपर बम से हमला कर दिया. बता दें कि अति संवेदनशील अयोध्या में बम धमाकों की सूचना पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में एसपी सिटी, अयोध्या सीओ, एसपी सुरक्षा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई लेकिन तब तक आरोपी पति फरार हो चुका था. पुलिस ने घायल प्रेमी व पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी का काफी दिनों से विवाद चल रहा था. पत्नी ने कई बार इस मामले को लेकर पुलिस को तहरीर भी दी थी. हालांकि इस घटना के बाद पुलिस अपना पक्ष रख रही है और उसका कहना है कि इस घटना में सुतली बम का इस्तेमाल हुआ है.
जानकारी के मुताबिक अयोध्या कोतवाली स्थित काशीराम कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 52 के कमरा नंबर 829 में जय किशन उर्फ जालिम सिंह अपनी पत्नी के साथ रहता है. जब वह काम से जब घर लौटा तो घर में अपनी पत्नी के साथ मनोज यादव को कमरे में बैठा देखा. यह देख उसने आपा खो दिया और दोनों में बहस होने लगी. इसके बाद उसकी पत्नी और मनोज घर से निकल कर कॉलोनी के गेट पर आ गए. इस दौरान पति जालिम एक झोले में देसी बम लेकर आया और एक के बाद एक तीन बम उसने मनोज के ऊपर फेंके. वहीं बम की चपेट में आकर मनोज यादव बुरी तरह घायल हो गया जबकि जालिम की पत्नी भी मामूली रुप से घायल हो गई. घटनास्थल पर एक बम भी जीवित मिला है, जिसे बम स्क्वायड ने डिफ्यूज कर दिया.
इसे भी पढ़े: स्वास्थ्य मंत्री के स्वागत में हुए जाम से दो मरीज की हुई मौत, भाजपा ने लगाया आरोप
वहीं पत्नी का कहना है कि मनोज मिलने आए थे और तभी उसके पति ने बम फोड़ दिया. मनोज को बचाने जब पत्नी दौड़ी तो उसको दांत काट लिया और फिर उसके भी पैर पर एक बम मार दिया. हालांकि इस घटना में पत्नी के पैर में गंभीर चोटें नहीं आई हैं. हमले में घायल पत्नी के मुताबिक 4 से 5 बार पति ने बम से हमला किया है. वहीं पीड़िता का कहना है कि पूर्व में उसने कई बार पुलिस को इस मामले पर तहरीर भी दी. लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई और बीते दिनों थाना राम जन्मभूमि में उसके साथ अभद्रता करके उसको भगा दिया गया. पति से तंग पत्नी बीते काफी दिनों से अलग रह रही थी.

