रांची: रिम्स में भर्ती पिता लालू यादव से मिलने तेजप्रताप यादव रांची पहुंचे हैं. वो मंगलवार को पिता से मिलेंगे. इससे पहले रांची एयरपोर्ट से वो सीधे स्टेट गेस्ट हाउस चले गये. उनका मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मिलने का कार्यक्रम है. एयरपोर्ट पर उन्होंने कहा कि पिता से मिलने रांची पहुंचा हूं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर उनको नई सरकार के लिए बधाई दूंगा.आगे झारखंड की तरह ही बिहार में भी सरकार बनाएंगे.
लालू यादव के स्वास्थ्य में गिरावट
उधर, रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती आरजेडी सुप्रीमो की तबीयत ठीक नहीं है. इस हफ्ते आई जांच रिपोर्ट में उनके स्वास्थ्य में सुधार की बजाय गिरावट आई है. रिम्स में उनका इलाज कर रहे डॉक्टर उमेश प्रसाद ने बताया कि पूर्व की रिपोर्ट की तुलना में आरजेडी सुप्रीमो की सेहत में गिरावट दर्ज की गई है. उनका सीरम यूरिया और सीरम क्रेटनिन बढ़ गया है, जो अच्छा संकेत नहीं है.
डॉ. उमेश प्रसाद के अनुसार लालू प्रसाद की ब्लड शुगर रिपोर्ट भी पिछले 3 महीने में सुधर नहीं रही है. रिम्स से दूसरे संस्थान रेफर करने के सवाल पर डॉक्टर ने कहा कि अभी उनके स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है. जेल प्रबंधन, रिम्स प्रबंधन और लालू प्रसाद के साथ मशविरा कर आगे का फैसला लिया जाएगा.
पहली बार रिम्स में मिलने पहुंची थीं राबड़ी
बता दें कि हाल में ही बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पहली बार लालू यादव से मिलने रिम्स पहुंची थी. उस दौरान उन्होंने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई थी. पूर्व मुख्यमंत्री 15 तरह की गंभीर बीमारियों से जुझ रहे हैं. कोर्ट के आदेश पर रांची के बिरसा मुंडा जेल प्रशासन के द्वारा उनका रिम्स में इलाज कराया जा रहा है. रिम्स में हर शनिवार को उनसे मुलाकात का दिन होता है. हालांकि घरवाले स्पेशल परमिशन पर अन्य दिनों में भी मिल सकते हैं. बता दें कि चारा घोटाले के चार मामलों में लालू यादव सजा काट रहे हैं.

