पलामू : जिला में बन रहे मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) में बुधवार को एक हादसा हो गया. इसमें एक मजदूर की मौत हो गयी. वह उंटारी रोड के समी गांव का रहने वाला था. मृतक की पहचान पिंटू राम के रूप में हुई है.
बताया गया है कि मेदिनीनगर में पलामू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के निर्माण के दौरान एक दीवार गिर गयी. इसके नीचे दबकर एक मजदूर की मृत्यु हो गयी. सिविल सर्जन डॉ जॉन एफ केनेडी ने घटना की पुष्टि की है.
सिविल सर्जन ने बताया है कि अस्पताल के पुराने एनएम भवन के बगल में नये भवन का निर्माण कराया जा रहा है. यहां 11 मजदूर काम कर रहे थे. निर्माणाधीन दीवार इनके ऊपर गिर गया. इसमें में एक मजदूर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
सिविल सर्जन ने बताया कि कुछ और मजदूर घायल हुए हैं, जिनका इलाज शुरू चल रहा है. सिविल सर्जन डॉ केनेडी ने बताया की मामले की जांच करायी जायेगी, ताकि दुर्घटना की जिम्मेदारी तय की जा सके.
जानकारी मिलने के बाद शहर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस की टीम ने पिंटू राम के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.


