पलामू : झारखंड के पलामू जिले के छत्तरपुर प्रखंड के नासो पंचायत के मुखिया पति और उसका बेटा एक व्यक्ति से 10 हजार रुपये घूस ले रहा था. उसी दौरान एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.
मिली जानकारी के अनुसार 14वें वित्त योजना के तहत ईंट सोलिंग पथ निर्माण में भुगतान के लिए चेक पर हस्ताक्षर के एवज में 10 हजार रुपये घूस ले रहे थे. दोनों को छतरपुर के नासो से गिरफ्तार करने के बाद मेदिनीनगर लाया गया. जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया जायेगा.
एसीबी के पलामू पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छतरपुर के मड़वा पंचायत क्षेत्र में 14वें वित्त योजना के तहत ईंट सोलिंग पथ का निर्माण किया गया था. गांव के अनिल कुमार यादव कार्य पूर्ण कर चुके थे. इस योजना में बिल के अनुसार 88 हजार रुपया बकाया था. लगभग तीन साल से मुखिया यशोदा देवी एवं उनके पति अशोक यादव (दोनों ग्राम नासों) द्वारा चेक नहीं दिया जा रहा था. कई बार चेक मांगने पर मुखिया और उसके पति 10 हजार रुपया घूस मांग रहे थे. मुखिया एवं उसके पति द्वारा बोला जाता था कि पीसी नहीं दोगे तो चेक पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे.
एसीबी एसपी ने बताया कि इस बात से परेशान अनिल कुमार यादव ने शिकायत दर्ज करायी थी. आवेदन के तथ्यों के संबंध में सत्यापन किया गया. अनुसंधान के दौरान धावादल के सहयोग से प्राथमिकी अभियुक्त अशोक यादव (उम्र 38 वर्ष) और उसके बेटे राजू रंजन को नासो-गुलाबझरी में अनिल कुमार यादव से 10 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया.

