लातेहार: पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने 7 माओवादियों को गिरफ्तार किया है. साथ ही पुलिस ने गिरफ्तार नक्सलियों से जवानों से लूटे गए कारतूस और 5 लाख रूपये भी बरामद किया है. वहीँ इनसे अन्य सामान भी बरामद किया गया है.
विदित हो की लातेहार के चंदवा थाना क्षेत्र के लुकूइया मोड़ पर 22 नवंबर को माओवादी हमले में पुलिस के 4 जवान शहीद हो गये थे. इस मामले में लातेहार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल साथ माओवादियों को गिरफ्तार किया है.
गौरतलब है कि गिरफ्तार हुए सभी सातों माओवादी संगठन सब जोनल कमांडर रविन्द्र गंझू के सहयोगी हैं. गिरफ्तार हुए माओवादियों में बैजनाथ गंझू, कुवर गंझू, राजेश गंझू, सुनील गंझू, फगुआ गंझू, संजय गंझू और नरेश गंझू शामिल है.
पुलिस ने इनके पास से पांच लाख रुपया, पुलिसकर्मियों से लूटी हुई 40 गोली सहित कई अन्य सामान बरामद किया. गिरफ्तार हुए इन सातों माओवादियों ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि घटना के बाद भाकपा माओवादी के सब जोनल कमांडर रविंद्र गंझू ने सबको पांच हजार रूपए दिए थे.
लातेहार में पुलिसकर्मियों पर हुए हमले की जांच में जुटी पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी, कि सब जोनल कमांडर रविंद्र गंझू के तीन सहयोगी मोटरसाइकिल से चंदवा के ठेकेदार सोनू सिंह से पांच लाख रुपए लेवी लेकर आ रहे हैं. पुलिस की टीम मोटरसाइकिल सवार को खोजने निकली. इसी दौरान टीम ने देखा कि सरोज नगर में स्थित शिव मंदिर के पास मोटरसाइकिल से तीन लोग आ रहे हैं, पुलिस ने जब उन्हें रूकने का इशारा किया, तो वे भागने लगे. जिसके बाद पुलिस ने ओवरटेक कर उन्हें रोकने का प्रयास किया. पुलिस की गाड़ी को आगे आते देख सभी लोग बाइक खड़ी करके भागने लगे. उसी वक्त पुलिस ने सबको गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार हुए तीनों माओवादियों की निशानदेही पर पुलिस ने चार अन्य को भी गिरफ्तार किया.


