बिहार( मधुबनी ): यहां एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है जिसमें चार युवकों ने होटल में खाना खाने के बाद बिल की भरपाई करने के लिए एक राहगीर की बाइक लूट ली. हालांकि घटना की सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने छापामार कार्रवाई करते हुए 2 बदमाशों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. साथ ही लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली है. मामला झंझारपुर थाना इलाके का है.
सूचना मिलते ही एक्शन में दिखी पुलिस
झंझारपुर डीएसपी अमित शरण के मुताबिक बाइक लूट की इस वारदात से जुड़े आरोपियों के बारे में पंडौल थाने से कुछ गुप्त सूचना मिली थी. इसी के आधार पर छापेमारी की कार्रवाई करते हुए दुर्गेश कुमार झा व अशोक मुखिया नामक 2 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है. वहीं, संतोष मिश्र और झुलझुल झा नामक 2 बदमाश अभी भी फरार है.NH 57 पर हुई लूट की वारदात
डीएसपी का कहना है कि गिरफ्त में आए आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि इन लोगों ने एनएच - 57 के किनारे स्थित जायका होटल में खाना खाया, जिसका बिल 8 सौ रुपये आया. बताया जा रहा है कि इसी बिल की भरपाई के लिए इन चारों युवकों ने लूट की योजना बनाई राहगीर से बाइक लूट ली.बदमाशों ने राहगीर को घेरकर लूटा
जानकारी के अनुसार कमला बलान पुल के आगे मधुबन रेस्टोरेंट के पास जयनगर निवासी रामबाबू पूर्वे जयनगर से मधेपुर जा रहे थे इसी बीच उन्हें घेरकर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और उनकी बाइक लूटकर फरार हो गए.घटना के बाद पीड़ित ने झंझारपुर थाने को सूचना दी,जिसके बाद पंडौल और झंझारपुर थाने की संयुक्त टीम ने छापेमारी करते हुए 2 बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि 2 की तलाश जारी है.

