Showing posts with label सतबरवा. Show all posts
Showing posts with label सतबरवा. Show all posts

पलामू से दुल्हन लाने गया था, 7 घंटे बंधक बनकर 8 लाख हर्जाना देकर लौटा खाली

No comments

07 February 2023

पलामू : सतबरवा थाना अंतर्गत एक अजीबोगरीब मामला शादी के रस्म को लेकर सामने आया है. दरअसल, झारखंड के पलामू जिला से बारात 50 से ज्यादा बारातियों को बिहार के रोहतास जिला के अकबरपुर में लड़की पक्ष वालों ने 7 घंटे तक बंधक बनाए रखा. शनिवार की रात्रि में निकाह के बाद रविवार को विदाई की रस्म अदायगी के समय बाराती – सराती के बीच नास्ते को लेकर लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. फिर क्या था, गांव वालों का गुस्सा फूटा. कुछ  बारातियों ने बहस की, तो गांववालों ने उनके साथ मारपीट कर दी. फिर उन्होंने दूल्हा सहित सभी बारातियों को एक हॉल में बंद कर दिया. बारातियों में कुछ महिलाएं भी थीं. सभी बारातियों का मोबाइल भी गांववालों ने जब्त कर लिया था. बारातियों पर कड़ा पहरा बिठा दिया गया. ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर हॉल के बाहर पहरा देने लगे. किसी को भी हॉल से बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जा रही थी. बाद में रोहतास पुलिस को सूचना मिली, तो पुलिस ने बारातियों को मुक्त कराया और अकबरपुर बॉर्डर पार कराया. बारातियों में से कुछ ने बताया कि दुल्हन की विदाई भी नहीं की गयी, उलटे लड़का पक्ष वालों को 8 लाख रुपये हर्जाना देना पड़ा.


पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया
बारातियों को बंधक बनाए जाने की सूचना रोहतास पुलिस को मिली, तो पुलिस तत्काल अकबरपुर पहुंची. पुलिस ने गांव के प्रबुद्ध लोगों से बातचीत की और विवाद का हल निकालने की कोशिश की. पुलिस ने पहल की तो बधु पक्ष के लोग अपनी शर्तों पर बारातियों को मुक्त करने पर राजी हुए. लड़की पक्ष वालों ने निकाह के बावजूद दुल्हन की विदाई करने से साफ मना कर दिया. वर पक्ष से निकाह में खर्च हुए 8 लाख रुपये देने की बात रखी. आखिरकार  वर पक्ष वालों को वधू पक्ष को 8 लाख रुपये हर्जाना देना पड़ा. इसके बाद बरातियों को मुक्त किया गया. रविवार शाम 4:30 बजे के करीब सात घंटा बाद बारातियों को रिहा कराने के बाद पुलिस ने अकबरपुर बॉर्डर  पार करा दिया.

 फोन की घंटी बजती रही, नहीं मिला जवाब,वर पक्ष के परिजन रहे परेशान
अकबरपुर के ग्रामीणों ने बारातियों को बंधक बनाए जाने की बात कहीं फैले नहीं, इसे ध्यान में रखते हुए दूल्हा समेत सभी बारातियों को मोबाइल जब्त कर लिया था.  इधर बारात लौटने में विलंब होने पर वर पक्ष के परिवार वाले परेशान रहे. दूल्हे के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गयी. मोबाइल की घंटी बजती रही ,परंतु उधर से जवाब नहीं मिला. दूल्हे के अन्य रिश्तेदारों के साथ ही साथ बारात गए अन्य लोगों के मोबाइल की घंटी भी बजती रही, लेकिन किसी तरह का जवाब नहीं मिला, तो लोग परेशान रहे.

दर्जन भर वाहनों से गए थे बाराती
सतबरवा के मस्जिद मोहल्ले में रहने वाले अंसारी परिवार के बेटे की निकाह के लिए  दर्जनभर चार पहिया वाहनों में सवार होकर बाराती शनिवार को  रोहतास जिला के अकबरपुर गए थे. रात में निकाह राजी खुशी से हो गया. अगले दिन रविवार की सुबह नास्ते के बाद बारात की विदाई होनी थी. लेकिन बारातियों की सरातियों से नाश्ते को लेकर विवाद हो गया. छोटी से बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बारातियों को 7 घंटे तक बंधक बनाए रखा गया.

पलामू में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, हथियार फैक्ट्री ध्वस्त

No comments

22 October 2022


पलामू : पलामू जिले के सतबरवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने हथियारों की फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया है. मौके पर सात संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. पलामू में एक लंबे वक्त के बाद हथियारों की फैक्ट्री पकड़ी गई है. पुलिस ने दो देसी कट्टा, एक राइफल, दो पिस्टल और भारी मात्रा में अर्धर्निर्मित हथियारों को बरामद किया है. पुलिस की टीम ने विभिन्न इलाकों में छापेमारी के बाद सफलता प्राप्त की है.


एसपी को मिली थी सूचना

एसपी पलामू को सूचना मिली थी कि हथियारों का फैक्ट्री सतबरवा क्षेत्र में संचालित हो रहा है. पुलिस ने हथियारों की फैक्ट्री के खोज में तीन चार जगहों पर छापेमारी की थी. छापेमारी के क्रम में सतबरवा के एक गांव से हथियारों की फैक्ट्री पकड़ी गई. पुलिस सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. बताया जाता है कि नक्सल और अपराधी तत्वों को हथियार सप्लाई किया जाता था. गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस शनिवार को प्रस्तुत करेगी. 2016 -17 में हथियारों का फैक्ट्री पकड़ा गया था. जिसमें टीएसपीसी का हथियार मरम्मत होता था.
Don't Miss
© all rights reserved
made with by templateszoo