पटना : जम्मू-काश्मीर में आतंकियों को मार गिराने के बाद वीरगति को प्राप्त हुए भोजपुर के शहीद रमेश रंजन का शव पटना पहुंच चुका है. बुधवार को वीरगति को प्राप्त हुए सीआरपीएफ के जवान रमेश रंजन का शव जैसे ही पटना एयरपोर्ट पहुंचा पूरा एयरपोर्ट भारत माता की जय और वीर शहीद रमेश रंजन अमर रहे सरीखे नारों से गुंजायमान हो उठा.
डीजीपी ने दिया शहीद को कंधा
पटना एयरपोर्ट पर बिहार सरकार के वरीय मंत्री नंदकिशोर यादव, गृह सचिव आमिर सुबहानी, डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय के अलावा सीआरपीएफ के आईजी, डीआईजी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस दौरान एयरपोर्ट पर सीआरपीएफ और बीएमपी के जवान भी मौजूद थे. पटना के डीएम कुमार रवि के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा भी शहीद को श्रद्धांजलि देने पटना एयरपोर्ट पहुंची. डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने खुद शहीद के शव को कंधा दिया.
इसे भी पढ़े: राम मंदिर ट्रस्ट को मिला पहला दान, मोदी सरकार ने दिया एक रुपया
पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार
पटना से शहीद का शव सड़क मार्ग से भोजपुर लाया जाएगा जहां पैतृक गांव पहुंचने के बाद शव की अंत्येष्टि की जाएगी. मालूम हो कि रमेश रंजन भोजपुर जिले के जगदीशपुर इलाके के इसाढ़ी देवटोला गांव के निवासी थे. 30 वर्षीय रमेश रंजन के शहादत की खबर जैसे ही लोगों को मिली पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया. रमेश अपने पीछे पत्नी समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं.

