नई दिल्ली: एयर इंडिया का स्पेशल विमान चीन के वुहान एयरपोर्ट से शनिवार तड़के दिल्ली के लिए उड़ान भर चुका है. यह विमान अपने साथ 324 भारतीयों को वापस ला रहा है. वुहान, हुबेई की प्रांतीय राजधानी है. यहां 700 से अधिक भारतीय रहते हैं. चीन में अब तक करॉना ने 213 लोगों की जान ले ली है और अब तक 10,000 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं.
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया, '324 यात्रियों के साथ वुहान से भारत के लिए स्पेशल फ्लाइट उड़ान भर चुकी है. इसके भारत सुबह 7:30 बजे तक पहुंचने की संभावना है.' इस बीच चीन के वुहान से देश लौटने वाले भारतीयों की जांच के लिए सेना ने बड़ी तैयारी की है. भारतीयों को लाने चीन के लिए उड़ा एयर इंडिया का प्लेन वुहान में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे लैंड कर गया था.
सेना ने मानेसर में बनाया केंद्र
आईटीबीपी ने भी दिल्ली में ऐसी व्यवस्था की है, जहां 600 लोगों के इलाज, देखभाल के लिए अलग से बिस्तर की व्यवस्था रहेगी. सेना ने हरियाणा के मानेसर में एक केंद्र बनाया है, जहां चीन से आए लोगों पर निगरानी रखी जाएगी. पहले यात्रियों की हवाईअड्डे पर जांच की जाएगी और उसके बाद उन्हें मानेसर स्थित केंद्र में लाया जाएगा. अगर किसी के करॉना वायरस से ग्रसित होने की आशंका होगी तो उसे दिल्ली कैंट स्थित अस्पताल में बने एक अलग वॉर्ड में शिफ्ट किया जाएगा.
हुबेई में करॉना का असर सबसे ज्यादा
गौरतलब है कि हुबेई प्रांत में करॉना वायरस का सबसे अधिक असर देखा गया है. वुहान इसी हुबेई प्रांत की राजधानी है. यहां केंद्र है जिसे आधिकारिक तौर पर 2019-एनसीओवी के नाम से जाना जाता है. वुहान, हुबेई की प्रांतीय राजधानी है. यहां लगभग 700 भारतीय यहां रहते हैं. इनमें से अधिकतर मेडिकल छात्र और रिसर्च स्कॉलर हैं जो यहां के स्थानीय विश्वविद्यालयों में पढ़ाई कर रहे हैं.
(इनुपट पीटीआई)

