Reported By Abhay Tiwari/Ujwal Kumar
गढ़वा : पूर्व विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि आपका सम्मान और अहसान मैं जीवन भर नहीं भूल सकता. आजीवन आपका सेवा करूंगा. वह बुधवार को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन करने के बाद हेंनहो मोड़ के निकट आयोजित जनसभा में उमड़े जनसैलाब को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने कहा कि स्वयं एवं उनके परिवार के लोगों ने कभी गन्दी राजनीति नहीं की. पांच वर्षों तक भाजपा के तमाम नेताओं के साथ काम किया. किन्तु भाजपा ने मधु कोड़ा कैबिनेट के चार हजार करोड़ घोटाले में संलिप्त भ्रष्टाचारी को पार्टी में शामिल कराकर 50 करोड़ में टिकट को बेच दिया. जिस पर नक्सली का मामला है, सीबीआई और ईडी जिसे खोजती है उसे टिकट दिया. मोदी जी रांची में बोले थे कि भ्रष्ट लोगों की जगह जेल में है. लेकिन भ्रष्ट सीएम रघुवर ने भ्रष्ट को भाजपा में शामिल कराया क्या यही है भाजपा का चाल चरित और चेहरा.
उन्होंने कहा कि वह अपने राजनीतिक जीवन में कभी प्रतिशोध की भावना नही रखते है. प्रतिशोध की भावना वाला व्यक्ति यहां से लड़ रहा है. जब पांच साल वे टोला मुहल्ला गांव घूमघूम कर भाजपा के नीति सिद्धान्तों एवं सरकार की योजनाओं को जनता के बीच मे बताने का काम किया. उन्होंने कहा कि भवनाथपुर के विकास में भानू प्रताप का पांच पैसे का भी योगदान नहीं है. झूठ राजनीतिक में ज्यादा दिन तक नहीं चलने वाला है.
कोई नवजवान गुजरात, चेन्नई, हरियाणा का मुंह नहीं देखे इसके लिये पावर प्लांट जरूरी है. पावर प्लांट किसने रोका, नगर जिला नहीं बना, भवनाथपुर अनुमंडल नहीं बना, हरिहरपुर प्रखंड नहीं बना, खुटिया माइंस भी चालू नहीं हुआ. पलामू प्रमंडल में भाजपा का खाता नहीं खुलने वाला है. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में लोगों ने वोट मोदीजी को दिया है रघुवर जी को नहीं. चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जायेगा.
उन्होंने कहा कि रघुवर दास ने कहा था कि 2018 में बिजली नहीं देंगे तो वोट मांगने नहीं आएंगे. हमलोगों को अभी तक बिजली नहीं मिली रघुवर आज किस मुहं से वोट मांगने आये थे. उनके कथनी और करनी में इतना अंतर क्यों हैं? उन्होंने कहा कि जनता से इंसाफ मिला तो सबसे पहले पारा शिक्षक एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं का मामला विधानसभा में उठाऊंगा. उन्होंने कहा कि मेरे पिताजी ने एशिया का सबसे बड़ा क्रशिंग प्लांट खोलवाया था. मैं भी पावर प्लांट खोलवाऊंगा. दीपक प्रताप देव ने कहा कि सीएम रघुवर दास विधायक भानू के बिजनेश पार्टनर हैं. पाचाडुमर बालू घाट विधायक का है. सड़क योजनाओं में रघुवर दास और भानू प्रताप पार्टनर हैं. छोटे राजा के पास 25 करोड़ होता तो टिकट मिलता.
उन्होंने कहा कि भवनाथपुर के लोगों के मान सम्मान और सेवा के लिये वे मैदान में हैं. चुनाव के लिए पैसा नहीं है. आप सभी एक रुपया दो रूपया अपनी क्षमता के अनुसार अवश्य आशीर्वाद के रूप में दे. आज आपने जो सहयोग और सम्मान दिया वे जीवन भर याद रहेगा. हम रात में सुरक्षा में डटे रहेंगे, कोई दरवाजा नहीं खटखटायेगा. सभा को कमलेश्वर पांडेय, मुक्तेश्वर पांडेय, कलाम खां, सिनियर महमूद आलम, सुरेश भंडारी, धर्मराज पासवान समेत कई लोगों ने संबोधित किया। सभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. इसके पूर्व पूर्व विधायक अनंत ने श्री बंशीधर मंदिर से लेकर कार्यक्रम स्थल तक खुली जीप पर सवार होकर रोड शो कर लोगों से हाथ जोड़ कर आशीर्वाद मांगा.

