रांची. बहुचर्चित चारा घोटाले के डोरंडा कोषागार मामले गुरुवार को लालू यादव की सीबीआई कोर्ट में पेशी हुई. रिम्स के पेईंग वार्ड में सजा काट रहे आरजेडी सुप्रीमो को कड़ी सुरक्षा में कोर्ट लाया गया. कोर्ट ने उनसे दो घंटे तक कुल 34 सवाल पूछे. इस दौरान लालू प्रसाद ने हर सवाल का जवाब देते हुए खुद को निर्दोष बताया. 139 करोड़ की अवैध निकासी के इस मामले में कोर्ट में सशरीर पेश होकर लालू यादव ने अपना बयान दर्ज कराया.
कोर्ट ने लालू से पूछे 34 सवाल
सीबीआई कोर्ट के वारंट पर सुबह 10 बजकर 20 मिनट पर जेल प्रशासन लालू यादव को कोर्ट लेकर पहुंचा. ग्यारह बजे कोर्ट की कार्यवाही शुरू हुई. इस दौरान कोर्ट ने डोरंडा कोषागार से जुड़े मामले में लालू यादव से 34 सवाल पूछे. कोर्ट ने लालू यादव से पूछा, 'आपने पशुपालन विभाग के तत्कालीन मुख्य निदेशक एसबी सिन्हा और तत्कालीन निदेशक डॉ. रामराज सिंह को सेवा विस्तार क्यों दिया'. कोर्ट ने पशुपालन विभाग में अन्य अधिकारियों के स्थानांतरण, लोक लेखा समिति, बजट प्रोविजन और निगरानी की संचिकाओं से संबंधित सवाल भी लालू यादव से पूछा. इन सभी सवालों का जवाब देते हुए अपने बचाव में लालू यादव ने कहा कि हर काम संविधान के दायरे में हुआ. और वे निर्दोष हैं.
इसे भी पढ़े: नेता ने कमर में टांगी थी Pistol, ट्रिगर दबने से जांघ में लगी गोली
दो-ढाई महीने में आ सकता है फैसला
लालू प्रसाद के अधिवक्ता प्रभात कुमार ने बताया 313 के बयान में अभियुक्त को सशरीर उपस्थित होना होता है. इसलिए लालू यादव की सीबीआई कोर्ट में पेशी हुई. इस मामले में अबतक 109 आरोपियों का बयान कोर्ट में दर्ज हो चुका है. प्रभात कुमार के मुताबिक इस मामले में दो से ढाई महीने में कोर्ट का फैसला आ सकता है.
अबतक 109 आरोपियों के बयान दर्ज
डोरंडा कोषागार मामला (आरसी 47A/96) 139 करोड़ रुपए की अवैध निकासी से जुड़ा हुआ मामला है. इसमें पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव सहित 111 आरोपी ट्रायल फेस कर रहे हैं. इनमें पूर्व मंत्री, नौकरशाह और सप्लायर भी शामिल हैं. इस मामले में अबतक 109 आरोपियों के बयान दर्ज हो चुके हैं, जबकि दो अन्य आरोपियों का सीबीआई कोर्ट में 313 का बयान दर्ज होना बाकी है. बिहार के तत्कालीन पशुपालन मंत्री विद्यासागर निषाद बीते रविवार को अपना बयान दर्ज करा चुके हैं.
लालू प्रसाद की तबीयत में सुधार
बता दें कि चारा घोटाले के चार मामलों में लालू यादव रांची के बिरसा मुंडा जेल में सजा काट रहे हैं. उन्हें कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हैं. इसलिए जेल प्रशासन की देखरेख में उनका रिम्स के पेइंग वार्ड में इलाज चल रहा है. रिम्स में उनका इलाज कर रहे डॉ. डीके झा ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री की तबीयत फिलहाल सामान्य है. तबीयत ठीक रहने के चलते ही वे कोर्ट में पेश हुए. फिलहाल वे नाश्ते के साथ सामान्य भोजन ले रहे हैं.

