लेटेस्ट

Latest

झारखंड विधानसभा चुनाव: तीसरे चरण के लिए मतदान शुरू, मैदान में हैं ये दिग्गज

Jharkhand Assembly Elections: Voting for Phase III begins, these veterans are in the fray

12 December 2019

/ by Uday Bharat


रांची : झारखंड विधानसभा के तीसरे चरण के चुनाव के लिए मतदान 12 दिसंबर को यानी आज शुरू हो चुका है. इसमें राजधानी रांची की पांच समेत कुल 17 विधानसभा सीटों पर मतदान सुबह सात बजे से जारी है. मतदाताओं की कतार सुबह से ही मतदान केंद्रों में नजर आ रही है.

पांच विधानसभा सीटों रांची, हटिया, कांके, रामगढ़  और बरकट्ठा पर शाम पांच बजे तक मतदान होगा. वहीं, कोडरमा, बरही, मांडू, हजारीबाग, सिमरिया, बड़कागांव, धनवार, गोमिया, बेरमो, ईचागढ़, सिल्ली और खिजरी विधानसभा सीटों पर दोपहर तीन बजे तक वोट पड़ेंगे. तीसरे चरण में राज्य के आठ जिलों में मतदान  हो रहा है.

राजधानी रांची में इसी चरण में वोटिंग होनी है. 17 में पांच सीटों पर सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा, जबकि 12 सीटों पर दोपहर 3 बजे मतदान संपन्न हो जाएगा. मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों को बूथों की ओर रवाना किया जा रहा है. इस चरण में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, मंत्री सीपी सिंह समेत कई दिग्गजों की किस्मत जनता तय करेगी.

309 प्रत्याशी मैदान में

तीसरे चरण के चुनाव में रांची, हटिया, कांके, खिजड़ी समेत 17 विधानसभा क्षेत्रों के 56 लाख 6 हजार 743 वोटर्स कुल 309 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे. 309 प्रत्याशियों में 277 पुरुष और 32 महिला प्रत्याशी शामिल हैं. सीटों के लिहाज से देखें, तो सबसे ज्यादा 31 प्रत्याशी ईचागढ़ और सबसे कम 12-12 प्रत्याशी रांची और कांके विधानसभा सीट पर मैदान में हैं. इसके अलावा कोडरमा में 17, बरकट्ठा में 20, बरही में 14 ,बड़कागांव में 23, रामगढ़ में 25, मांडू में 22, हजारीबाग में 15, सिमरिया में 18, धनवार में 14, गोमिया में 15, बेरमो में 20, सिल्ली में 15, खिजरी में 14 और हटिया में 22 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं.



महिला उम्मीदवारों की बात करें, तो कोडरमा में 2, बरही में 1 , बड़कागांव में 4 , रामगढ़ में 4 , मांडू में 2, हजारीबाग में 1, गोमिया में 1, बेरमो में 2, ईचागढ़ में 1, सिल्ली में 1, खिजरी में 4, रांची में 4, हटिया में 4 और कांके में 1 महिला प्रत्याशी मुकाबले में हैं. वहीं बरकट्ठा, सिमरिया और धनवार में एक भी महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं हैं.

इन दिग्गजों की साख दांव पर

तीसरे चरण के चुनाव कई दिग्गज नेता चुनावी रण में हैं. आजसू प्रमुख सुदेश महतो, मंत्री सीपी सिंह, मंत्री नीरा यादव, पूर्व आईपीएस लक्ष्मण सिंह, नवीन जायसवाल, पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी शामिल हैं. इस चरण में रामगढ़, हजारीबाग और रांची विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के लिए बूथ ऐप का इस्तेमाल होगा. बूथ ऐप से मतदाताओं की पहचान में आसानी होगी. साथ ही रियल टाइम में मतदान प्रतिशत की भी पूरी जानकारी मिलेगी.

मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम

शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान कराने के लिए चुनाव आयोग ने हर मतदान केन्द्रों पर विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया है. पहले और दूसरे चरण में हुई हिंसक झड़प को देखते हुए संवेदनशील इलाकों के मतदान केन्द्रों पर केन्द्रीय बलों के साथ-साथ जिला पुलिस की भी तैनाती की जाएगी. रांची, हटिया, कांके, रामगढ और बरकठ्ठा में सुबह सात बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. वहीं शेष 12 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक वोटिंग होगी.
Don't Miss
© all rights reserved
made with by templateszoo