लेटेस्ट

Latest

झारखंड विधानसभा चुनाव: तीसरे चरण, सभी 17 सीटों पर मतदान संपन्न

Jharkhand Assembly Election: Third phase, voting on all 17 seats concluded

12 December 2019

/ by Uday Bharat

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार को 17 सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया. 12 सीटों पर सुबह सात बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान हुआ, जबकि रांची, हटिया, कांके, रामगढ़ और बरकट्ठा में शाम पांच बजे तक मतदान चला. इस चरण में कहीं से कोई झड़प की खबरें सामने नहीं आईं. हालांकि ग्रामीण मतदाताओं की तुलना में शहरी मतदाता वोटिंग के लिए कम निकले. राजधानी रांची में अपेक्षा से कम मतदान हुआ. शाम 5 बजे तक सभी 17 सीटों पर कुल 61.93 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया. इस चरण में 56 लाख वोटर्स ने 309 प्रत्याशियों की किस्मत तय कर दी. इनमें पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, मंत्री चंदेश्वर प्रसाद सिंह और मंत्री नीरा यादव शामिल हैं.

 

शाम 5 बजे तक मतदान 

कोडरमा- 58.2%
बरकट्ठा- 61.18%

रामगढ़- 70.5%
बरही- 63.4%
मांडू- 62.41%

हजारीबाग- 57.18%
सिमरिया- 62%
राजधनबार- 59.86%
बेरमो- 61.13%

बड़कागांव- 64.53%

गोमिया- 67.18%
रांची- 49.1%
ईचागढ़- 73.11%

सिल्ली- 76.97%

खिजरी- 63.09%

कांके- 62.83%

हटिया- 53.63%

आम व खास ने डाले वोट

तीसरे चरण के चुनाव में आम और खास ने मतदान को लेकर उत्साह दिखाया. रांची में क्रिकेटर महेन्द्र सिंह धोनी ने अपने परिवार के साथ मतदान किया. उनके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री सीपी सिंह ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया. हजारीबाग में पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा और जयंत सिन्हा ने वोट डाला. कोडरमा में बीजेपी सांसद अन्नपूर्ण देवी और नीरा यादव ने मतदान किया. गिरिडीह के धनवार में पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी और सिल्ली में आजसू सुप्रीमो ने मत देकर लोकतंत्र के पर्व में सहभागिता दिखाई. इनके अलावा नये मतदाता, महिला और बुजुर्ग वोटर्स ने भी मतदान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया.


मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम

तीसरे चरण में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान कराने के लिए बूथों पर विशेष चौकसी बरती गई. पहले और दूसरे चरण में हुई हिंसक झड़प को देखते हुए संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों के साथ-साथ जिला पुलिस की भी तैनाती की गई थी. इस चरण में कहीं से कोई गड़बड़ी की खबरें सामने नहीं आईं.


इन सीटों पर हुआ मतदान

तीसरे चरण के चुनाव में जिन सीटों पर वोट डाले गये, उनके नाम हैं- कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बड़कागांव, रामगढ़, मांडू, हजारीबाग, सिमरिया (एससी), धनवार, गोमिया, बेरमो, ईचागढ़, सिल्ली, खिजरी (एसटी), रांची, हटिया और कांके (एससी).


इन दिग्गजों की साख दांव पर

तीसरे चरण के चुनाव कई दिग्गज नेता चुनावी रण में थे. इनमें आजसू प्रमुख सुदेश महतो, मंत्री सीपी सिंह, मंत्री नीरा यादव, पूर्व आईपीएस लक्ष्मण सिंह, नवीन जायसवाल, पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी शामिल हैं. 23 दिसंबर को इनके लिए जनता का फैसला सामने आ जाएगा.
Don't Miss
© all rights reserved
made with by templateszoo