मोगदिशू: सोमालिया की राजधानी मोगदिशू में शनिवार सुबह एक कार बम धमाके में 76 लोगों की मौत हो गई. सरकारी प्रवक्ता इस्माइल मुख्तार ने बताया कि मरने वालों में यूनिवर्सिटी के छात्र और पुलिसकर्मी भी शामिल हैं. धमाका एक टैक्स कलेक्शन सेंटर के पास हुआ. इसमें करीब 100 लोग घायल हो गए. घायलों में कुछ यूनिवर्सिटी के छात्र भी शामिल हैं, जो धमाके के समय एक बस में सवार थे. ब्लास्ट के बाद मोगदिशू शहर में धुएं का गुबार उठता नजर आया.
धमाका स्थल पर शहर से आने जाने वाले सभी वाहनों के लिए दो चेकपोस्ट बने हैं. इनमें से एक चेकपोस्ट के पास यह धमाका हुआ. अभी तक किसी भी समूह ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है. माना जा रहा है कि अल कायदा से जुड़े इस्लामिक संगठन मिलितया अल-शबाब की इसमे संलिप्तता हो सकती है. इसे भी पढ़े: जम्मू-कश्मीर में सौरभ कटारा शहीद,16 दिन पहले हुई थी शादी
धमाके में इस्तेमाल हुई कार अनजान लोग लेकर आए थे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ अनजान लोग एक कार को लेकर आए थे और पार्क कर चले गए. धमाके के बाद कार के परखच्चे उड़ गए. इसके बाद घटना स्थल पर लाशों के चिथड़े पड़े थे. घायलों के शरीर के हिस्से कटकर दूसरे स्थान पर गिर गए थे. स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि हमारी प्राथमिकता घायलों की मदद करना है, हम उन्हें जल्द अस्पताल पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. कुछ शव धमाके में जल गए हैं जिनकी पहचान की जा रही है.
मोगदिशू शहर आतंकी समूहों के निशाने पर रहा है
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये सोमालिया में इस साल की सबसे भयावह घटना है. मोगदिशू शहर पहले भी आतंकी समूहों के निशाने पर रहा है. कुछ साल पहले इन समूहों को सुरक्षाबलों ने खदेड़ दिया था. इसके बावजूद भी ये चेकप्वाइंट होटल और अन्य प्रमुख स्थानों को निशाना बनाते रहते हैं. दो सप्ताह पहले आतंकियों ने एक प्रमुख होटल पर हमला किया था जिसमें पांच लोगों की मौत हुई थी. इस होटल में आम तौर पर बड़े अधिकारियों और नेताओं का आना जाना होता है.

