रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड विधानसभा चुनाव के चौथे और पांचवें दौर के मतदान से पूर्व 12 दिसंबर को धनबाद, 15 दिसंबर को दुमका और 17 दिसंबर को साहिबगंज के बरहेट में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे.
भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री 12 दिसंबर को धनबाद के वरवड्डा मैदान में चुनावी सभा करेंगे. धनबाद में चौथे चरण में 16 दिसंबर को मतदान होने वाले हैं. इस दौरान धनबाद की छह विधानसभा सीटों-धनबाद, सिंदरी, निरसा, झरिया, टुंडी और बाघमारा में मतदान होंगे.
संयोग से 12 दिसंबर को ही तीसरे दौर में राज्य की राजधानी रांची समेत 17 विधानसभा सीटों पर मतदान भी होंगे. प्रधानमंत्री 15 दिसंबर को झारखंड के संथाल परगना के मतदाताओं को साधने के लिए दुमका जायेंगे और वहां चुनावी सभा करेंगे. इसके बाद 17 दिसंबर को प्रधानमंत्री साहिबगंज के बरहेट में अंतिम और पांचवें दौर के चुनाव के लिए संभवतः अपनी अंतिम चुनावी सभा को संबोधित करेंगे.
दूसरे चरण के मतदान से पहले भी कर चुके हैं प्रचार
राज्य में तीसरे चरण में 17 सीटों के लिए कल मतदान होगा. प्रधानमंत्री सात दिसंबर को राज्य में दूसरे दौर के मतदान से पहले भी तीन दिसंबर को भाजपा के चुनाव प्रचार के लिए खूंटी और जमशेदपुर पहुंचे थे.
मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर पूर्वी सीट से उम्मीदवार हैं, जिन्हें उन्हीं के मंत्रिमंडल के सदस्य रहे सरयू य ने चुनौती दी है. खूंटी से बीजेपी ने रघुवर दास मंत्रिमंडल में मंत्री रहे नीलकंठ सिंह मुंडा को एक बार फिर अपना उम्मीदवार बनाया है.
झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण से पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी के चुनाव प्रचार की कमान स्वयं संभालते हुए 25 नवंबर को दो बड़ी चुनाव सभाएं की थीं. इस दौरान प्रधानमंत्री ने डाल्टनगंज और गुमला में चुनाव सभाओं को संबोधित किया था.

