लेटेस्ट

Latest

प्याज की बढ़ती कीमतों से टेंशन में सरकार, संसद में मंत्रियों की बैठक शुरू

Government on tension due to rising prices of onions, meeting of ministers begins in Parliament

05 December 2019

/ by Uday Bharat

नई दिल्ली : देश में प्याज की बढ़ती कीमतों ने सरकार की टेंशन भी बढ़ा दी है. देश में प्याज की कीमतें 100 से लेकर 150 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई हैं. प्याज की कीमतों में हो रही बेतहाशा बढ़ोतरी को लेकर गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में मंत्रियों के समूह की बैठक शुरू हो गई है. इस मीटिंग में कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, रेल मंत्री पीयूष गोयल सहित कैबिनेट सचिव राजीव गौबा भी मौजूद हैं. इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के सलाहकार पीके सिन्हा भी मौजूद हैं.

लोकसभा में उठा देश में प्याज की बढ़ती कीमतों का मुद्दा

लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय ने देश में प्याज की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाया और केंद्र सरकार को सुझाव दिया कि वह कालाबाजारियों पर लगाम लगाने के लिए राज्यों को परामर्श जारी करे. शून्यकाल में इस मुद्दे को उठाते हुए बंदोपाध्याय ने केंद्र सरकार पर प्याज की कीमतों पर लगाम कसने में विफल रहने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि प्याज जैसी उपभोक्ता खाद्य वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि गंभीर विषय है. अचानक प्याज की कीमतों में इतनी वृद्धि दर्ज की गई है कि आम लोगों सहित उपभोक्ताओं पर बोझ काफी बढ़ गया है.

नियंत्रण करने में विफल रही केंद्र सरकार

तृणमूल सदस्य ने कहा कि नवंबर माह में प्याज की कीमतों में 61.94 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और केंद्र सरकार इस पर नियंत्रण करने में विफल रही. उन्होंने दावा किया कि समय पर अगर कदम उठाए गए होते, तब ऐसी स्थिति नहीं उत्पन्न होती. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने स्वयं बाजार का दौरा किया और वह इस पर नजर रख रही हैं. बंदोपाध्याय ने कहा कि केंद्र सरकारों का कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिए राज्यों को परामर्श जारी करना चाहिए. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को कहा था कि सरकार ने देश में प्याज की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कई कदम उठाये हैं जिनमें इसके भंडारण से जुड़े ढांचागत मुद्दों का समाधान निकालने के उपाय शामिल हैं.
Don't Miss
© all rights reserved
made with by templateszoo