नई दिल्ली : INX Media मामले में आरोपी कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी. करीब 106 दिन तक जेल में रहने के बाद चिदंबरम बुधवार को ही तिहाड़ जेल से बाहर आ सकते हैं. चिदंबरम को जमानत मिलने के बाद उनके बेटे और लोकसभा सांसद कार्ति चिदंबरम ने टिप्पणी की.
P Chidambaram, Congress: I will address a press conference tomorrow. I am happy that I stepped out and breathing the air of freedom after 106 days. pic.twitter.com/1zAf0OJERl— ANI (@ANI) December 4, 2019
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कार्ति ने कहा- पी चिदंबरम गुरुवार को 11 बजे संसद पहुंचेंगे. कार्ति ने कहा, 'मुझे इस बात की बहुत खुशी है कि मेरे पिता को जमानत मिली. वह घर लौट आएंगे.' उन्होंने कहा कि पी चिदंबरम को राजनीति की वजह से फंसाया गया था. 2007 का मामला 2017 में दर्ज हो रहा है. कार्ति ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को जो भी कहना है कहे हम कोर्ट में जवाब देंगे.
उन्होंने कहा कि चिदंबरम कल 11 बजे संसद आएंगे. कार्ति ने दावा किया, 'चिदंबरम से उनकी बात हो चुकी है और वह संसद पहुंचेंगे.' माना जा रहा है कि तिहाड़ से चिदंबरम की वापसी पर कांग्रेस उनका ग्रैंड वेलकम करने की तैयारी कर रही है.
जज ने रिहाई के आदेश जारी किये
सुप्रीम कोर्ट की ओर से पी चिदंबरम को जमानत दिये जाने के कुछ घंटे बाद पूर्व वित्त मंत्री ने शीर्ष अदालत के आदेश के अनुसार बुधवार को दिल्ली की एक अदालत में दो लाख रुपये का निजी मुचलका भरा. विशेष न्यायाधीश अजय कुमार कुहाड़ ने मुचलका और इतनी ही राशि की दो जमानतें स्वीकार कीं और उनकी रिहाई के आदेश जारी किये.
अदालत ने कांग्रेस के 74 वर्षीय इस वरिष्ठ नेता को जमानत पर रिहा करते हुए आदेश दिया कि वह इस मामले के संबंध में मीडिया से कोई बात नहीं करेंगे और निचली अदालत की अनुमति के बिना देश से बाहर नहीं जाएंगे.
21 अगस्त को हुए थे गिरफ्तार
अदालत ने पूर्व वित्त मंत्री को जमानत देने से इनकार करने संबंधी दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला निरस्त कर दिया. अदालत ने कहा कि वह न तो गवाहों को प्रभावित करने का प्रयास करेंगे और न ही सबूतों से छेड़छाड़ करेंगे. चिदंबरम को पहली बार आईएनएक्स मीडिया भ्रष्टाचार मामले में सीबीआई ने 21 अगस्त को गिरफ्तार किया था. इस मामले में उन्हें शीर्ष अदालत ने 22 अक्टूबर को जमानत दे दी थी.
इसी दौरान 16 अक्टूबर को ईडी ने आईएनएक्स मीडिया भ्रष्टाचार मामले से संबंधित धन शोधन के मामले में चिदंबरम को गिरफ्तार कर लिया था.

